कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने ज्वाइन की बीजेपी , लड़ सकते टिहरी विधानसभा सीट से चुनाव

कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने गुरुवार को बीजेपी ज्वाइन कर ली है। इससे पहले कांग्रेस ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। भाजपा से उनकी नजदीकियों की खबरों के बीच पार्टी ने उन्हे सभी पदों से पिछले दिनों हटा दिया था।

सूत्रों के मानें, तो बीजेपी उन्हें टिहरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा सकती है। उपाध्याय को लेकर लंबे समय से ऊहापोह की स्थिति बनी हुई थी और उनके हर मूवमेंट को संदेह की नजर से देखा जा रहा था। कभी पीएम नरेंद्र मोदी की देहरादून में हुई रैली में उनके भाजपा में शामिल होने की अफवाह उड़ी। कभी उनके दूसरे दलों में जाने की चर्चा रही। अटकलों के दौर के बीच किशोर ने कहा था कि वनाधिकार के मुद्दे पर वे सभी दलों के नेताओं से मिल रहे हैं। लेकिन, आज उन्होंने बीजेपी का दामन थाम ही लिया।

बीजेपी ज्वाइन करने के बाद किशोर ने कहा कि उत्तराखंड को प्रगति के पथ पर लेजाने के लिए उन्होंने कांग्रेस छोड भाजपा ज्वाइन की है। भाजपा ज्वाइन करने के पीछे की वजह पर किशोर ने कहा कांग्रेस पार्टी से इसकी असली वजह पूछी जानी चाहिए कि उन्होंने कांग्रेस का ‘हाथ’ क्यों छोड़ा। कहा कि वह बीजेपी की विचारधार को आमजन तक पहुंचाएंगे।