लोकसभा उपचुनाव: कांग्रेस प्रत्याशियों का असमंजस बरकरार,सोमवार को नामांकन का आखिरी दिन

प्रदेश की आजमगढ़ व रामपुर लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों को लेकर असमंजस बरकरार है। पार्टी शनिवार को भी प्रत्याशियों के नाम की घोषणा नहीं कर सकी, जबकि सोमवार को नामांकन का आखिरी दिन है।

अब तक प्रत्याशियों की घोषणा न होने से यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि कांग्रेस दोनों सीटों पर होने वाले उपचुनाव से दूर रह सकती है। ऐसे में इस फैसले को समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों की मदद के तौर पर देखा जा सकता है। हालांकि सपा ने अभी तक आधिकारिक तौर पर प्रत्याशी की घोषणा नहीं है, जबकि बसपा ने आजमगढ़ से प्रत्याशी के नाम की घोषणा करते हुए रामपुर सीट से चुनाव न लड़ने का एलान किया है।
कांग्रेस में लोकसभा उपचुनाव को लेकर प्रत्याशियों के नाम भी चर्चा में रहे। इसमें नदीम जावेद तथा राजबब्बर का नाम सबसे आगे माना जा रहा था। वैसे प्रदेश अध्यक्ष का पद रिक्त होने से पार्टी चुनाव से संबंधित तैयारियों में नहीं जुट पा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव बाजीराव खाड़े तीन दिनों से आजमगढ़ में जमे हैं। उन्होंने पार्टी के विधानसभा प्रत्याशियों एवं संगठन के नेताओं के साथ बैठकें भी कीं।