सीएम योगी का बड़ा बयान , कहा – फिर बनेगी बीजेपी सरकार, बोले- विकास और रोजगार से…

आगामी साल 2022 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं, जिसे लेकर सारी राजनीतिक पार्टियां उधेड़ बुन में लग गई हैं। सत्ताधारी पार्टी बीजेपी भी दुबारा सरकार बनाने के लिए गणित बैठाने में लगी है।

सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ साढ़े चार साल में कराए गए विकास कार्यों को लोगों के बीच गिना रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने वीरवार को अपने विकास कार्य गिनाते हुए कहा कि साढ़े चार वर्ष के शासन में कानून व्यवस्था में सुधार, निवेश, रोजगार से प्रदेश की तस्वीर बदली है।

प्रदेश की महिलाएं, युवा सहित हर वर्ग बिना किसी जाति धर्म के भेद के भाजपा को वोट देना चाहता है। उन्होंने 2022 में फिर बीजेपी की सरकार बनने का दावा किया है। योगी आदित्यनाथ ने बातें प्रदेश मुख्यालय में आयोजित बैठक में कह रहे थे।

उन्होंने कहा कि साढ़े चार वर्ष में सरकार ने देश में प्रदेश की छवि को बदला है। प्रदेश में पहली बार तीन लाख करोड़ का निवेश हो रहा है। सरकारी क्षेत्र में साढ़े चार लाख नौकरियां देने के साथ निजी क्षेत्र में करोड़ों नौकरियां और स्वरोजगार भी दिया है। प्रदेश सरकार ने कोरोना प्रबंधन में सफलता हासिल करने के साथ टीकाकरण में भी देश में रिकॉर्ड बनाया है। कोरोना के समय लोगों की पूरी मदद की गई।

बैठक में यूपी चुनाव के लिए प्रभारी बनाए गए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद थे।

वहीं, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि 2022 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में फिर बीजेपी की सरकार बनेगी। प्रदेश सरकार ने प्रत्येक क्षेत्र और हर वर्ग के लिए काम किया है। प्रदेश में माफियाराज समाप्त हुआ है और लगातार हो रहे निवेश से प्रदेश दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बना है। बैठक को प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने भी संबोधित किया।