सीएम योगी ने गोरखपुर से किया इस अभियान का शुभारंभ, जाने पूरी खबर

उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर से यूपी के पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2012 और भारत में 2011 के बाद से पोलियो का एक भी केस नहीं मिला है।

इसके बावजूद खतरा बना हुआ है। ऐसा पाकिस्तान और अफगानिस्तान में केस मिलने की वजह से हुआ है। यह एक संक्रामक बीमारी है इसलिए दुनिया से पोलियो के पूरी तरह खत्म होने तक इसके समूल उन्मूलन का अभियान चलता रहेगा।

पल्स पोलियो अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में 3.80 करोड़ बच्चों को ड्राप पिलाई जाएगी। इसके लिए 1.10 लाख बूथ बनाए गए हैं। 76 हजार से अधिक सचल टीमें लगाई गई हैं। सीएम योगी ने कहा कि पोलियो एक संक्रामक महामारी है।

यह स्थायी दिव्यांगता का कारण बनती है। उन्होंने कहा कि ऐसी बीमारी के समूल उन्मूलन की दिशा में उठाए गए कदमों का शुभारंभ महायोगी गुरु गोरक्षनाथ की धरती से हो रहा है। सीएम ने कहा कि यूपी ने इस बीमारी का समाधान 2012 में ही सफलतापूर्वक निकाल लिया था। तब से यूपी में पोलियो का कोई मामला नहीं मिला है लेकिन जब तक दुनिया से इस बीमारी का समूल उन्मूलन नहीं हो जाता, तब तक अभियान चलता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंसेफेलाइटिस ने 40 वर्षों में 50 हजार बच्चों को निगल लिया था। इस बीमारी की रोकथाम में काफी हद तक सफलता मिल चुकी है। मौतों में 95 प्रतिशत तक कमी आ चुकी है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में यूपी अग्रणी रहा है। पूरी दुनिया में इसकी सराहना हुई। इसी तहर हम पोलियों के समूल उन्मूलन में भी सफलता पाएंगे।

मुख्यमंत्री ने पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ पांच बच्चियों को ड्राप पिलाकर किया। इस मौके पर एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी गुब्बारों से सजी बाइकों पर सवार होकर निकले। मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।