सीएम शिंदे ने किया बड़ा ऐलान, कहा अहमदनगर का नाम बदलकर किया जाएगा ये…

श्चिमी महाराष्ट्र के शहर अहमदनगर का नाम बदलकर अहिल्या नगर किया जाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को अहमदनगर में इसकी घोषणा की। बता दें कि पिछले काफी समय से अहमदनगर का नाम बदलने की मांग हो रही थी।

महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर ने दिसंबर 2022 में राज्य विधान परिषद को बताया था कि उन्होंने 18वीं सदी की मालवा रानी अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर पश्चिमी महाराष्ट्र के जिले अहमदनगर का नाम बदलकर पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी नगर करने के लिए जिला प्रशासन से एक प्रस्ताव मांगा है। अब इस प्रस्ताव पर मुहर लगती नजर आ रही है।

जून में तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर, भाजपा नेता गोपीचंद पाडलकर ने नाम बदलने की मांग की थी। पत्र में कहा गया था कि अहिल्याबाई होल्कर का जन्म अहमदनगर के चौंडी गांव में हुआ था और उनका “अहमदनगर कनेक्शन” था, इसलिए शहर का नाम उनके नाम पर किया जाना चाहिए। अहमदनगर महाराष्ट्र के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित है।

बता दें कि पिछले साल महाराष्ट्र की सत्ता में आने के बाद से शिंदे-भाजपा गठबंधन सरकार ने कुछ और शहरों के नाम भी बदले हैं। पिछले ही साल सरकार ने महाराष्ट्र के औरंगाबाद और उस्मानाबाद का नाम क्रमशः छत्रपति संभाजी नगर और धाराशिव करने की मंजूरी दी थी। इसके बाद से ही भारतीय जनता पार्टी अहमदनगर का नाम बदलकर अहिल्या नगर करने की मांग कर रही थी।