वीरता पुरस्कारों पर CM पुष्कर सिंह धामी ने लिया बड़ा फैसला, पांच गुना तक बढ़ाई …

उत्तराखंड सरकार ने मुल्क की हिफाजत करते वक्त सर्वोच्च शौर्य का प्रदर्शन करने वाले वीर सैनिकों के लिए सम्मान राशि में पांच गुना तक बढ़ोतरी कर दी। इसके साथ ही राज्य के 63 हजार करोड़ के वार्षिक बजट को मंजूरी दी है।

शुक्रवार शाम को सीएम पुष्कर धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया। सूत्रों ने बताया कि कैबिनेट में 23 प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई। सैनिकों को उनके शौर्य के लिए मिले मेडल के आधार पर राशि को बढ़ाया गया है।

सैनिक कल्याण विभाग की ओर से प्रस्तावित राशि को संशोधित करते हुए कैबिनेट ने राशि में अतिरिक्त इजाफा किया। यह वृद्धि फिलहाल एकमुश्त दी जाने वाली सम्मान राशि में की गई है। सालाना दी जानी वाली राशि को फिलहाल यथावत रखा गया है।

सूत्रों के अनुसार परमवीर चक्र पाने वाले बहादुर सैनिक को वर्तमान में 30 लाख रुपये दिए जाते हैं। लेकिन अब से परमवीर चक्र से सम्मानित सैनिक को 50 लाख रुपये मिलेंगे।