सीएम पुष्कर धामी ने उठाया ये बड़ा कदम , भ्रष्ट अफसरों और कर्मचारियों पर नकेल कसने की तैयारी

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने भ्रष्ट अफसरों और कर्मचारियों की नकेल कसने के लिए कड़ा कदम उठाया है। धामी ने शुक्रवार को भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड 1064 एप का शुभारंभ किया। इस नंबर और एप पर कोई भी व्यक्ति सीधे शिकायत कर सकेगा।

शिकायतों पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने विजिलेंस विभाग के एप भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड 1064 का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस एप का क्रियान्वयन मजबूती से किया जाएगा। जो भी शिकायतें एप पर मिलेंगी, उन पर तत्परता से कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, यदि किसी व्यक्ति की शिकायत विजिलेंस से संबंधित नहीं है, तो उसे सीएम हेल्पलाइन एवं संबंधित विभाग को भेजा जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि शिकायतकर्ता ने जो शिकायत की है, उसके स्टेटस अपडेट की पूरी जानकारी उसे मिले। सीएम धामी ने सतर्कता विभाग के दो इंस्पेक्टरों को शिकायतों की विवेचना करने के लिए टेबलेट भी दिए। विभाग के अन्य कर्मचारियों को भी जल्द टेबलेट दिए जाएंगे।

सीएम धामी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त अफसरों और कर्मचारियों पर सख्त कारवाई की जाएगी। जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि के सिद्धान्त पर कार्य करने को सरकार संकल्पबद्ध है। जन समस्याओं का समाधान को शीर्ष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने निदेशक सतर्कता को भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड एप- 1064 का बड़े स्तर पर प्रचार प्रसार करने के भी निर्देश दिए।

निदेशक सतर्कता अमित सिन्हा ने बताया कि 1064 नंबर पर एप के माध्यम से या फोन से कोई भी व्यक्ति शिकायत कर सकता है। एप पर दर्ज प्रत्येक शिकायत रजिस्टर होगी, जिसका पूरा डाटा सुरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि सतर्कता विभाग शिकायतकर्ता की पूरी गोपनीयता रखेगा। यह एप हिन्दी एवं अंग्रेजी दानों भाषाओं में है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, उत्तराखंड सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ पहले दिन से ही सजग है। छोटे-छोटे दफ्तरों में जनता कि इस समस्या का सामना न करना पड़े। अपने काम के लिए किसी के आगे-पीछे न भागना पड़े। इसीलिए यह एप लांच किया गया है। हमने उत्तराखंड को भ्रष्टाचार मुक्त राज्य बनाने का संकल्प लिया है।