मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मंत्रिमंडल मे होने वाला है विस्तार, मिले ये संकेत

राजस्थान में कैबिनेट विस्तार का मुहूर्त करीब आने के संकेत मिलने लगे हैं। सत्ता पक्ष के बड़े नेताओं की हाईकमान के पास हाजिरी और बयान कुछ ऐसा ही इशारा कर रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हालिया बयान ने इसकी संभावना और ज्यादा बढ़ा दी है।

इस बयान में तो सीएम गहलोत ने इस बात के भी संकेत दे दिए कि कैबिनेट विस्तार में किसकी कुर्सी जाएगी। गौरतलब है कि बीते दिनों जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन हुआ था। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ-साथ शिक्षामंत्री गोविंद सिंह डोटासरा भी शामिल हुए थे।

शिक्षामंत्री ने इस दौरान कई बड़ी-बड़ी घोषणाएं कीं। बाद में जब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कार्यक्रम को संबोधित करने आए तो उन्होंने कहाकि शिक्षा मंत्री ने विदाई भाषण की तरह घोषणाएं कर डाली। गहलोत के इस बयान को डोटसरा के शिक्षा मंत्री पद से छुट्टी और मंत्रिमंडल में फेरबदल का संकेत माना जा रहा है।

बता दें कि गोविंद सिंह डोटासरा राजस्थान के शिक्षा मंत्री होने के साथ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भी हैं। इस तरह उनके पास दोहरी जिम्मेदारियां हैं। डोटासरा ने एक बयान में खुद भी मंत्रीपद से हटने के संकेत दिए हैं।

उन्होंने कहा था कि उनके पास संगठन का काम अधिक है। साथ ही उन्होंने संगठन को अपनी प्राथमिकता भी बताया था। इस बात से भी अंदाजा लगाया जा रहा है कि कांग्रेस ने अंदरखाने कैबिनेट विस्तार की रणनीति बना ली है।