अनंत-राधिका की शादी में छाया विंटेज कलेक्शन, दशकों पुराने कपड़े और गहनों में दिखा अलग अंदाज

जुलाई महीने की शुरुआत से ही अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचने में कामयाब रही। सोशल मीडिया पर उनकी शादी की हर रस्म की तस्वीरें और वीडियो जमकर वायरल हुईं, जिनपर लोगों ने भी काफी प्यार लुटाया। इस शादी में शामिल होने के लिए सितारों ने अपना खूबसूरत अंदाज दिखाया। चाहे देसी सेलेब हों या विदेशी, हर कोई अनंत की शादी में थीम के हिसाब से ही एथनिक आउटफिट पहने नजर आया।

अंबानी परिवार की महिलाओं का रॉयल लुक भी लोगों का दिल जीतने में कामयाब रहा। इस पूरी शादी में विंटेज कलेक्शन भी काफी छाया रहा। अंबानी परिवार की महिलाओं के साथ-साथ कई अभिनेत्रियां भी दशकों पुराने गहनें और कपड़े पहनें नजर आईं। सभी का अंदाज काफी अलग लग रहा था। आइए आपको भी बताते हैं कि इस शादी में किन लोगों ने विंटेज कलेक्शन को प्राथमिकता दी।

श्लोका के गहने

अपने देवर की शादी की एक रस्म में आकाश अंबानी की पत्नी श्लोका अंबानी अपनी नानी के गहने पहने दिखाईं दीं। टिशू की साड़ी के साथ जब श्लोका ने अपनी नानी के दशकों पुराने गहने पहने तो लोग उन्हें देखते ही रह गए। सोने के इन गहनों की डिजाइन काफी पुरानी थी, जिस वजह से उनकी खूबसूरती और भी ज्यादा बढ़ गई।

ईशा का लहंगा

अगर बात करें अंबानी परिवार की लाडली ईशा अंबानी के लहंगा लुक की तो अनंत अंबानी की शादी से पहले आयोजित शिव शक्ति पूजा में ईशा अंबानी खूबसूरत सा लहंगा पहनकर पहुंची थीं। उनका ये लहंगा बेहद ही खास था। उनके इस लहंगे को विंटेज स्टाइल में तैयार किया था। इसकी सुंदरता बढ़ाने के लिए इस पर एंटीक सिक्कों के साथ कई अन्य विटेंज चीजों को लगाया गया था। इस लहंगे पर काम भी जरदोजी का हुआ है, जो देखने में काफी खूबसूरत लग रहा है।

राधिका के शादी के गहने

अनंत अंबानी की दुल्हनिया यानि कि राधिका मर्चेंट ने अपनी शादी में पुराने गहने पहनकर सभी को चौंका दिया। ये गहने उनकी बड़ी बहन अंजलि ने भी अपनी शादी में पहने थे। दरअसल, राधिका मर्चेंट ने अपनी शादी में हीरे के रानी हार के साथ जो चोकर पहना था, वो उनकी नानी का है। ये चोकर राधिका की मां ने अपनी शादी में भी पहना था। इसकी वजह से राधिका राधिका का लुक काफी खूबसूरत लग रहा था।

आलिया की साड़ी

अनंत और राधिका की शादी में आलिया भट्ट खूबसूरत सी गुलाबी साड़ी पहनकर पहुंची। उनकी इस साड़ी पर गोल्डन वर्क था, जो इसकी खूबसूरती को बढ़ा रहा था। साधारण सी दिखने वाली आलिया की ये साड़ी की 160 साल पुरानी है। उनकी इस साड़ी को बनाने में 99 प्रतिशत सिल्वर और 6 ग्राम सोने का इस्तेमाल किया गया है। इसे मशहूर डिजाइन मनीष मल्होत्रा के कलेक्शन से लिया गया है।