दिल्ली-NCR में आज बारिश के आसार, तेजी से बदल रहा तापमान

पहाड़ों से सटे देश के कुछ राज्यों में अभी भी कड़ाके की ठंड जारी है। वहीं, अधिकांश मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से बदल रहे हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश में दिन के दौरान तेज धूप निकलती है।

हालांकि, शाम और सुबह के समय हवा के कारण लोगों को ठंड का सामना करना पड़ता है। दिल्ली में आज बारिश हुई है। इससे मौसम का मिजाज बदल गया है। ऐसा माना जा रहा है कि इसके साथ ही यहां तापमान में भी वृद्धि देखने को मिल सकती है।

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। वहीं, न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन में आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

पंजाब और हरियाणा में शनिवार को भी कड़ाके की ठंड जारी रही तथा दोनों राज्यों में कई जगहों पर तापमान सामान्य से कुछ डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, पंजाब में बठिंडा राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री कम है। इसके अलावा, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, पठानकोट, फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.3 डिग्री, आठ डिग्री, 5.6 डिग्री, 5.8 डिग्री, 2.6 डिग्री और 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिल्ली के मौसम का हाल बताने वाले आईएमडी के सफदरजंग कार्यालय की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस था। रविवार को दिल्ली में अलग-अलग इलाकों में बारिश हुई है। इससे पहले कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा था, “एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण रविवार से तापमान में वृद्धि होगी और इन इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।”