राजस्थान में आज कैबिनेट फेरबदल, 12 नए चेहरे

राजस्थान में आज कैबिनेट फेरबदल का दिन है। राजस्थान में आज यानी रविवार को होने वाले कैबिनेट विस्तार में 12 नए चेहरों को शामिल किया जाना है। इनमें सचिन पायलट कैंप के पांच चेहरे भी शामिल किए जाएंगे, जो उनके काफी करीबी माने जाते हैं।

सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्र ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राजस्थान कैबिनेट के सभी 21 सदस्यों के इस्तीफा देने के बाद तीन कैबिनेट मंत्रियों- रघु शर्मा, हरीश चौधरी और गोविंद सिंह डोटासरा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। राजस्थान में ‘एक आदमी एक पद’ फॉर्मूला के तहत नया कैबिनेट विस्तार हो रहा है।

रघु शर्मा जहां गुजरात के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी, हरीश चौधरी पंजाब के प्रभारी और डोटासरा राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख हैं। अशोक गहलोत नीत कांग्रेस सरकार में कुल 30 मंत्री होंगे। इसमें पहले इस्तीफा दे चुके 18 मंत्री भी होंगे। सूत्रों के अनुसार, तीन राज्य मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किया जा रहा है।

इस कैबिनेट विस्तार में जातीय समीकरणों को पूरा ध्यान में रखा गया है। सूत्रों ने कहा कि अनुसूचित जाति से आने वाले राज्य के तीन मंत्रियों को कैबिनेट रैंक में पदोन्नत किया गया है। नए कैबिनेट में ऐसा पहली बार होगा, जब राजस्थान के नए कैबिनेट में चार सदस्य अनुसूचित जाति समुदाय से होंगे। पंजाब में दलित मुख्यमंत्री नियुक्त करने के बाद कांग्रेस का यह अगला दांव है। इतना ही नहीं, अनुसूचित जनजाति से भी तीन मंत्री होंगे। इसके अलावा, इस कैबिनेट में तीन महिलाएं और एक मुस्लिम सदस्य होगा।