उत्‍तर प्रदेश के बस्‍ती में दो पक्षों में खूनी जंग, छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल

उत्‍तर प्रदेश के बस्‍ती में शुक्रवार की सुबह रास्‍ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी जंग हो गई। इस दौरान फरसे के वार से एक शख्‍स की मौत हो गई जबकि छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र भिजवाया।

मिली जानकारी के अनुसार बस्‍ती के हर्रैया थाना क्षेत्र के अजगरा गांव में रास्‍ते के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच तू-तू, मैं-मैं से शुरू हुई लड़ाई देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। उनके बीच फरसा और लाठी-डंडे चलने लगे। इस मारपीट में एक पक्ष के करीब आधा दर्ज लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी भिजवाया।

वहां डॉक्‍टरों ने 35 वर्षीय अमरनाथ को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी विजय सिंह ने कहा है कि हत्‍या करने वालों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मारपीट में शामिल अन्‍य आरोपियों की भी धरपकड़ तेजी से की जा रही है।

मारपीट में नंदराम, विनोद, किरण, रामअजोर और छट्ठीलाल घायल हो गए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।