मैदान में BJP के स्टार प्रचारकों की फौज, आज पश्चिम में शाह, योगी और बृजेश बढ़ाएंगे सियासी पारा

मेरठ: भाजपा ने लोकसभा चुनाव में स्टार प्रचारकों की पूरी फौज उतार दी है। शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर और कैराना लोकसभा सीट पर सियासी पारा गरमाएंगे तो वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र में विपक्ष पर निशाना साधेंगे।

मेरठ में उप-मुख्यमंत्री बृजेश पाठक भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पर दोपहर 11 बजे लोकसभा संचालन समिति की बैठक के जरिए चुनाव जीतने की रणनीति पर मंथन करेंगे। आसपास की लोकसभा सीटों के गणित और वर्तमान में हालात पर जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे।

पश्चिम में रामपुर लोकसभा सीट पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का कार्यक्रम रखा गया है। इसके बाद 13 अप्रैल को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गौतमबुद्धनगर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुरादाबाद के बढ़ापुर में जनसभा को संबोधित करेंगे।