पंजाब के राज्यपाल से मिलने पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा , उठाएंगे ये मुद्दा

भाजपा के प्रदेश (पंजाब) अध्यक्ष अश्विनी शर्मा पार्टी के अन्य नेताओं के साथ गुरुवार को पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात के लिए पहुंचे हैं। इस दौरान वे बुधवार को पीएम की फिरोजपुर रैली में कथित व्यवधान का मुद्दा उठाएंगे।

आपको बता दें कि फिरोजपुर फ्लाईओवर पर प्रदर्शकारियों के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को करीब 20 मिनट तक रुकना पड़ा था। इस कारण उन्होंने बीच में ही अपनी यात्रा रद्द कर दी और वापस दिल्ली लौट गए।

इस बीच खबर आ रही है कि पंजाब सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा में चूक के जांच के आदेश दिए हैं। इससे पहले पंजाब भाजपा के नेताओं ने बुधवार को आरोप लगाया कि राज्य पुलिस को निर्देश दिया गया था कि पार्टी कार्यकर्ताओं को फिरोजपुर में रैली स्थल पर नहीं पहुंचने दिया जाए, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करना था।

पीएम मोदी पंजाब के भटिंडा पहुंचे और उन्हें खराब मौसम के कारण सड़क मार्ग से फिरोजपुर के हुसैनीवाला के लिए निकलना पड़ा। रास्ते में कुछ किसानों के मार्ग अवरुद्ध करने की वजह से प्रधानमंत्री का काफिला एक फ्लाईओवर पर 15 से 20 मिनट फंसा रहा। पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने कहा कि बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं को लेकर जा रही बसों और अन्य वाहनों को रैली स्थल पर पहुंचने से रोका गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि 21 स्थानों पर कार्यकर्ताओं को रोका गया। उन्होंने कहा, ”पंजाब में लोकतंत्र नहीं बचा।” पार्टी नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल ने दावा किया कि कुछ बसों के शीशे तोड़ दिये गये और कार्यकर्ताओं को पीटा गया, वहीं भाजपा नेता सुभाष शर्मा के अनुसार पुलिस ने किसानों के प्रदर्शन करने के बहाने जगह-जगह अवरोधक लगा दिये थे।