बीजेपी सांसद ने फडणवीस के गेम प्लान की खोली पोल कहा :’40 हजार करोड़ बचाने…’

भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने बड़ा खुलासा किया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दावा किया है कि महाराष्ट्र में बीजेपी ने फडणवीस को 40 हजार करोड़ का फंड बचाने के लिए बहुमत न होने के बावजूद देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाया गया था।

उत्तरा कन्नड़ से बीजेपी सांसद अनंत कुमार हेगड़े ने कहा कि आप सभी जानते हैं कि महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस 80 घंटे के लिए मुख्यमंत्री बने और उसके बाद इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह नाटक क्यों किया? क्या हमें नहीं पता था कि हमारे पास बहुमत नहीं था और फिर भी वह मुख्यमंत्री बन गए। उन्होंने कहा कि यह वह सवाल है जो हर कोई पूछता है।

बीजेपी सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री के पास करीब 40 हजार करोड़ की केंद्र सरकार की राशि थी। अगर कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना सत्ता में आते तो वे 40 हजार करोड़ का दुरुपयोग करते। इस वजह से यह पूरा नाटक किया गया। फडणवीस मुख्यमंत्री बने और 15 घंटे में केंद्र को 40 हजार करोड़ रुपये वापस कर दिए गए।