बिहार चके नतीजे : चिराग पासवान को इस नेता ने दी ये बड़ी नसीहत, कहा जहां तुम बैठते हो…

बिहार विधानसभा चुनाव में बेहद रोमांचक मुकाबले में विपक्ष की कड़ी चुनौती का मुकाबला करते हुए नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 243 सीटों में से 125 सीटों पर जीत का परचम लहरा कर बहुमत का जादुई आंकड़ा हासिल कर लिया जबकि महागठबंधन के खाते में 110 सीटें आईं।

बिहार चुनाव में हालांकि कई बड़े उलटफेर देखने को भी मिले। एक ओर जहां सरकार के मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, सुरेश शर्मा, शैलेश कुमार, फिरोज अहमद, ब्रजकिशोर बिंद और जयकुमार सिंह को हार का सामना करना पड़ा, वहीं राजद के अब्दुलबारी सिद्दिकी, भाजपा से लोजपा में गए राजेंद्र सिंह और वीआईपी पार्टी के नेता मुकेश सहनी सहित कई दिग्गज भी चुनाव हार गए। चुनाव में भले ही राजग ने बहुमत हासिल किया है, लेकिन इस चुनाव में विपक्षी ‘महागठबंधन’ का नेतृत्व कर रहा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) 75 सीटें अपने नाम करके सबसे बड़े दल के रूप में उभरा है।

लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘विजय’ करार दिया और कहा कि लोगों ने उनपर भरोसा जताया है। लोजपा ने चुनाव में केवल एक सीट जीती है और कई सीटों पर जदयू को हराने में भूमिका निभाई है। पासवान ने ट्वीट किया कि उन्हें गर्व है कि उनकी पार्टी सत्ता के लिए झुकी नहीं।

उन्होंने कहा, ‘लोजपा के सभी उम्मीदवारों ने अपने दम पर बिना किसी गठबंधन के संघर्ष किया। पार्टी का मत प्रतिशत बढ़ा है। वह चुनाव में ‘बिहार पहले बिहारी पहले’ के नारे के साथ उतरी थी। वह हर जिले में ताकतवर होकर उभरी है। इससे पार्टी को भविष्य में फायदा होगा।’ लोजपा ने बिहार विधानसभा में 140 सीटों पर प्रत्याशी खड़े किये थे और उसे 5.68 प्रतिशत मत मिले।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने लोजपा प्रमुख चिराग पासवान को सलाह दी है। सब्र से काम करो सब ठीक होगा। उतावलापन ठीक नहीं है। समय का इंतजार कीजिए। चिराग पासवान ने एनडीए का हिस्सा होने के बावजूद नीतीश कुमार को हराने की दिशा में काम किया।

हम प्रमुख ने चिराग को नसीहत देते हुए कहा कि जिस डाल पर बैठें और उसी डाल को काट दें तो हश्र क्या होता है… ठीक उसी प्रकार से चिराग साहब ने जिस फोल्ड में रहे उसे ही हराने और बर्बाद करने का काम किया। निश्चित तौर पर डाल तो कटी है लेकिन उसके साथ वो भी गिरे हैं और अपने चिराग से भस्म हो गए हैं।