उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी , दिल्ली-राजस्थान में बढ़ी ठंड

दिंसबर महीने में सर्दी का सितम बढ़ गया है। कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। पहाड़ी इलाकों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

जबकि मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड ने जीना दुश्वार कर दिया है। राजधानी दिल्ली में सर्द हवाओं ने लोगों को अपने घरों में कैद कर दिया है। उधर, राजस्थान के सीकर में तापमान माइनस में चले गया है। यहां खेत में पेड़ और पौधों पर ओंस जम गई है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में कुछ हिस्सों में अभी शीतलहर की स्थिति बने रहने की उम्मीद है।

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश और बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है। उत्तर पश्चिमी भारत, मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। वहीं, रविवार को मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि प्रशासन ने पर्यटकों और आम जनता से सावधानी बरतने की अपील की है।

राजधानी दिल्ली में शनिवार को इस मौसम का सबसे सर्द दिन रहा। दिनभर में औसतन अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा। अगले कुछ दिन दिल्ली में सर्द हवाएं चलने का अनुमान है। हवा की गति बढ़ने से वायु गुणवत्ता सूचकांक में मामूली सुधार आया है। यह खराब श्रेणी में 291 अंक पर रहा।