‘ललित मोदी की वकील रहीं बांसुरी स्वराज, विदेश भगाने में मदद की’, सोमनाथ भारती ने पूछे पांच सवाल

आम आदमी पार्टी ने भाजपा द्वारा बांसुरी स्वराज को नई दिल्ली लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाए जाने पर प्रश्न खड़ा किया है। नई दिल्ली से आप प्रत्याशी सोमनाथ भारती ने बांसुरी स्वराज पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि बांसुरी स्वराज ने देश के साथ गद्दारी करने वाले ललित मोदी को विदेश भागने में मदद की। ललित मोदी की वकील रही बांसुरी स्वराज ने कोर्ट की डबल बेंच का फैसला आने से पहले उनका पासपोर्ट रिन्यू कराया और विदेश भेज दिया।

ललित मोदी ने खुद ट्वीट कर किया था धन्यवाद: सोमनाथ भारती
ललित मोदी ने खुद ट्वीट कर बांसुरी स्वराज का धन्यवाद भी किया। देश को हजारों करोड़ रुपए का चूना लगाने वाले ललित मोदी को विदेश भागने में मदद करने वाली बांसुरी स्वराज को भाजपा ने अब नई दिल्ली से प्रत्याशी बनाया है। यह बेहद चिंताजनक है। बांसुरी स्वराज को बताना चाहिए कि क्या ललित मोदी जैसे व्यक्ति को बचाना देशद्रोह नहीं है और क्या भाजपा ने उनको ललित मोदी की मदद करने के लिए कहा था?

मीनाक्षी लेखी का टिकट क्यों काटा: सोमनाथ भारती
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं नई दिल्ली लोकसभा प्रत्याशी सोमनाथ भारती ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर कहा कि भाजपा खुद को देशभक्त सिद्ध करने में तो लगी रहती है, लेकिन उसमें सफल नहीं होती है। भाजपा से कोई भी प्रश्न पूछो, लेकिन वह उसका जवाब नहीं देती है। बीजेपी ने नई दिल्ली लोकसभा सीट से 10 साल से सांसद और मंत्री मीनाक्षी लेखी का टिकट काटकर बांसुरी स्वराज को दे दिया। अब यह बहुत बड़ा सवाल है कि बीजेपी ने उनको उम्मीदवार क्यों बनाया?

उन्होंने कहा कि पूरा देश जानता कि ललित मोदी ने देश के साथ गद्दारी की है। ललित मोदी ने देश में हजारों करोड़ रुपए का घोटाला किया है और आज कानून से बचने के लिए देश से फरार है। ऐसे में उसके भागने में किसने मदद की? उसके भागने में कौन माध्यम बना? किसने कोर्ट में पैरवी की? वो नई दिल्ली से भाजपा प्रत्याशी बांसुरी स्वराज ही हैं, जिन्होंने कोर्ट में ललित मोदी की पैरवी की थीं। इतना ही नहीं, ललित मोदी ने फरार होने के बाद बकायदा एक्स (ट्वीट) के जरिए बांसुरी स्वराज का धन्यवाद भी किया था।