नक्सली हमले में शहीद हुए 22 जवानों की शहादत पर प्रियंका गांधी जताया दुख, कहा पूरा देश याद रखेगा

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार की सुबह लगभग 11 बजकर 30 मिनट पर जानकारी दी थी कि 5 जवान शहीद हो गए हैं और 21 जवान लापता हैं। ​रेस्क्यू के लिए टीमें रवाना हो गई हैं।

सीएम के इस अपडेट के बाद लगभग डेढ़ बजे इस बात की पुष्टि की गई है कि 22 सुरक्षाकर्मियों के पार्थिव शरीर को बरामद कर लिया गया है। यानी नक्सली हमले में अब तक 22 जवान शहीद हुए हैं।

खबरों के मुताबिक, 3 मार्च दिन शनिवार को सुरक्षा बलों ने छत्तीसगढ़ में बस्तर के जंगलों के दक्षिण सुकमा और बीजापुर जिलों की सीमा पर नक्सलियों के खिलाफ अलग-अलग, लेकिन संयुक्त अभियान शुरू किया था। इस अभियान में सुरक्षा बलों के 2000 से ज्यादा जवान शामिल थे।

जिस इलाके में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया, उसे माओवादियों का गढ़ समझा जाता है। एसपी बीजापुर कमलोचन कश्यप के मुताबिक, माओवादियों को इस ऑपरेशन की भनक पहले ही लग गई थी।

दिन के करीब 12 बजे उन्होंने सिक्योरिटी फोर्स पर घात लगाकर हमला बोल दिया, जिसके जवाब सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा खोल दिया। यह एनकाउंटर तीन घंटे से लेकर 5 घंटे के बीच चला।

कांग्रेस महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए रविवार को ट्वीट किया है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट में लिखा, ‘छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का मुकाबला करते हुए शहीद हुए वीर जवानों की शहादत को मेरा नमन।

पूरा देश इस घटना पर दुखी एवं आक्रोशित है। देश वीर जवानों की शहादत को हमेशा याद रखेगा। ईश्वर इस दुख की घड़ी में शहीद जवानों के परिवारों को संबल दे एवं घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले।

कांग्रेस महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ में शहीद हुए 22 जवानों की शहादत पर दुख व्यक्त किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि इस घटना पर पूरा देश दुखी है और आक्रोशित है।

दरअसल, छत्तीसगढ़ के सुकमा-बीजापुर बॉर्डर पर शनिवार को नक्सलियों की ओर से घात लगाकर किए गए हमले में अबतक सुरक्षाबलों के 22 जवानों के शहीद होने की पुष्टि हो चुकी है और एक अभी भी लापता है।

नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के साथ हुए एक एनकाउंटर के बाद इस भयानक वारदात को अंजाम दिया है, जिसमें 31 जवान घायल भी हुए हैं और 15 से ज्यादा नकस्लियों के भी मारे जाने की खबर है।