बतौर कप्तान विराट ने बनाए सबसे ज्यादा रन, जीत में धोनी अव्वल; जानें रोहित-गंभीर का कैसा है रिकॉर्ड

आईपीएल के 17वें सीजन का आगाज 22 मार्च से होने जा रहा है। इसके लिए सभी 10 टीमें तैयारी में जुट गई हैं। हालांकि, इस बार आईपीएल काफी दिलचस्प रहने वाला है। 2008 में पहला सीजन खेला गया था। तब खेलने वाले कप्तानों में अब सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी ही ऐसे हैं जो इस सीजन में भी कप्तानी करते दिखेंगे। पुराने कप्तानों में रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस ने कप्तानी की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया है, जबकि विराट कोहली ने 2021 आईपीएल के बाद ही कप्तानी छोड़ दी थी। हालांकि, बतौर कप्तान कुछ रिकॉर्ड्स के मामले में ये दोनों अब भी शीर्ष पर बरकरार हैं। आइए उन रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं…

बतौर कप्तान आईपीएल में सबसे ज्यादा रन
बतौर कप्तान आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली शीर्ष पर हैं। उन्होंने आरसीबी के लिए 143 मैचों में कप्तानी की और 41.97 की औसत से 4994 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 133.3 का रहा। विराट ने बतौर कप्तान आईपीएल में पांच शतक और 37 अर्धशतक जड़े। वहीं, दूसरे नंबर पर धोनी हैं। उन्होंने 226 मैचों में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी की और 39.83 की औसत और 137.5 के स्ट्राइक रेट से 4660 रन बनाए। इनमें 22 अर्धशतक शामिल हैं।

रोहित ने 158 मैचों में मुंबई की कप्तानी की और 28.07 की औसत और 129.4 के स्ट्राइक रेट से 3986 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 25 अर्धशतक लगाए। गंभीर ने दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स को मिलाकर 129 मैचों में कप्तानी की और 31.13 की औसत से 3518 रन बनाए। इनमें 31 अर्धशतक शामिल हैं। डेविड वॉर्नर 83 मैचों में 3356 रन के साथ पांचवें और राहुल 2186 रन के साथ छठे स्थान पर हैं।