अपर्णा बनेंगी अखिलेश को घेरने का अचूक हथियार, जाने पूरी खबर

मुलायम सिंह यादव के सियासी घराने की बहू अपर्णा यादव को पाले में लाकर भारतीय जनता पार्टी ने न केवल हाल के दिनों में अपने कुनबे में हुई बगावत का जवाब देने की कोशिश की है बल्कि मुलायम के कुनबे में फूट का संदेश देकर पार्टी मिशन-2022 में बढ़त लेने की कोशिश कर रही है।

अतीत गवाह है कि जब-जब किसी सियासी कुनबे में फूट पड़ी है, तब-तब उस कुनबे को कुछ न कुछ सियासी नुकसान उठाना ही पड़ा है। अब 10 मार्च को पता चल सकेगा कि भाजपा के इस दांव का कितना और किसके पक्ष में सियासी लाभ हुआ।

परिवारवाद के नाम पर सपा को घेरने वाली भाजपा अब इसी परिवार के सदस्य के जरिए अखिलेश यादव पर निशाना साधेगी। मुलायम परिवार की बहू अपर्णा यादव को अपने पाले में खींचकर भाजपा ने बुधवार को सपा को झटका दे दिया। भाजपा जानती है कि वोटों के गुणा-गणित के लिए अपर्णा के आने के बहुत मायने भले न हों लेकिन इस दांव के जरिए भाजपा को सपा और अखिलेश पर निशाना साधने के लिए एक अचूक हथियार जरूर मिल गया है।

मुलायम परिवार की बहू बनने से पहले अपर्णा यादव का नाम अपर्णा बिष्ट था। उनके पिता पेशे से पत्रकार हैं। करीब 32 साल की अपर्णा ने वर्ष 2011 में मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव से शादी की थी। संगीत और समाजसेवा में रुचि रखने वाली अपर्णा की राजनीति में भी गहरी रुचि है। अपर्णा अपने बयानों और सक्रियता से अक्सर चर्चाओं में रहती हैं। वह एक एनजीओ भी चलाती हैं जो गौसेवा के साथ ही आवारा कुत्तों और भैंसों को लेकर भी काम करता है।

अपर्णा राजनैतिक हलकों में चर्चा में तब आईं जब उन्होंने मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक संग विवाह किया। दोनों साथ पढ़ते थे और तभी एक दूसरे के करीब आए। शुरुआत से ही उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं थीं। इसने वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद ज्यादा जोर पकड़ा। पिछला विधानसभा चुनाव उन्होंने लखनऊ की कैंट विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी के रूप में लड़ा, हालांकि वह जीत नहीं पाई थीं।