‘चौतरफा दबाव बेअसर, रूस यूरोप की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था’; उद्यमियों के साथ बैठक में राष्ट्रपति पुतिन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी इकोनॉमी है। उन्होंने कहा कि दुनियाभर से चौतरफा दबाव के बावजूद यूरोपीय देशों के बीच रूस सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। उन्होंने उद्यमियों के साथ एक बैठक के दौरान देश की अर्थव्यवस्था को लेकर कई अहम बातें कही। रूसी मीडिया आउटलेट टीएएसएस के मुताबिक पुतिन ने कहा कि क्रय शक्ति समानता (purchasing power parity) के मामले में रूस दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा देश है।

उद्यमियों के साथ बैठक में बोले राष्ट्रपति पुतिन
उन्होंने कहा कि रूस पूरे यूरोपीय महाद्वीप में सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। रूस के सुदूर पूर्वी इलाके में काम करने वाले उद्यमियों के साथ एक बैठक में पुतिन ने कहा, हर तरफ से हमारा गला घोंटा जा रहा है। दबाव डाला जा रहा है। अब हम जर्मनी को पीछे छोड़कर यूरोप में सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुके हैं।

रूस से आगे किन देशों की इकोनॉमी
पुतिन ने कहा कि देश में प्रति व्यक्ति संकेतक को सुधारने के लिए अभी भी बहुत कड़ी मेहनत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर जर्मनी को पीछे छोड़कर रूस पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। क्रय शक्ति समानता के आधार पर सकल घरेलू उत्पाद (GDP) की गणना करने पर रूस के आगे केवल चीन, अमेरिका, भारत और जापान हैं।

23 महीने से हो रही लड़ाई; रूस के सामने कई चुनौतियां
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक पुतिन ने की टिप्पणी यूक्रेन के साथ हो रहे युद्ध के बीच आई है। फरवरी, 2022 में शुरू हुई लड़ाई के 23 महीने बीत चुके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक रूस अपने केंद्रीय बैंक की तरफ से रखे गए विदेशी मुद्रा भंडार को हासिल करने में संघर्ष कर रहा है। पश्चिमी देशों की तरफ से लगाए गए प्रतिबंधों के कारण रूस को आर्थिक मोर्चे पर कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। बैंक ने इस पैसे पर रोक लगा रखी है।