अखिलेश यादव ने दिए ये संकेत, जल्द एक हो जाएंगे चाचा शिवपाल

अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी और उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के बीच जल्द ही गठबंधन का ऐलान हो सकता है। इस बात के संकेत सोमवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव ने दिए।

उन्होंने कहा कि चाचा के साथ आने पर उन्हें कोई समस्या नहीं है। उन्हें और उनके लोगों को समाजवादी पार्टी में उचित सम्मान दिया जाएगा। इससे पहले शिवपाल कई बार इस बात का जिक्र कर चुके हैं कि वह तो गठबंधन के लिए तैयार हैं लेकिन अखिलेश की तरफ से जवाब नहीं आ रहा है।

कल ही मेरठ में समाजवादी पार्टी से गठबंधन की खबरों पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के चीफ शिवपाल सिंह यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी थी। शिवपाल यादव ने कहा कि नेताजी यानि मुलायम सिंह यादव ने उनसे पूछा था कि अखिलेश के साथ एक कब हो रहे हो। वहीं बुलंदशहर में शिवपाल यादव ने कहा कि समान विचार धारा वाले दलों से उत्तर प्रदेश में गठबंधन किया जाएगा। वह सपा से गठबंधन के लिए भी तैयार हैं, क्योंकि विधानसभा चुनावों में भाजपा को हराना जरूरी है। यदि अखिलेश नहीं माने तो छोटी पार्टियों से गठबंधन कर भाजपा को हराया जाएगा।

शिवपाल यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के लिए सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, मजदूर, व्यापारी हर वर्ग परेशान है। भ्रष्टाचार व बेरोजगारी बढ़ गई है। शिवपाल यादव ने महंगाई का जिक्र करते हुए कहा की रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल की कीमतें दो गुनी हो गईं। जनता भाजपा की जन विरोधी नीतियों से परेशान है। शिवपाल यादव ने कहा कि सत्ता में आते ही बीए पास करने वाले छात्रों को 5 लाख रुपये दिये जाएंगे।

इससे पूर्व शिवपाल यादव सामाजिक परिवर्तन यात्रा का रथ लेकर बराल पहुंचे। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सपा से यदि गठबंधन नहीं हुआ तो किसी राष्ट्रीय दल से गठबंधन करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि सपा से उनका गठबंधन नहीं हुआ तो नेताजी मुलायम सिंह यादव उनके साथ रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनके अखिलेश से चाचा-भतीजे का रिश्ता है, जो हमेशा रहेगा।