अदिति सिंह ने प्रियंका गांधी को दी ये बड़ी चुनौती, करने के लिए कहा ऐसा…

रायबरेली सदर से बीजेपी की उम्मीदवार अदिति सिंह ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर तीखा हमला किया है। उन्होंने जहां प्रियंका गांधी को अपने खिलाफ लड़ने की चुनौती दी है, वहीं कांग्रेस के लड़की हूं लड़ सकती हूं कैंपने को कोरा नारा बताया है।

अदिति सिंह ने कहा कि एक बार प्रियंका मेरे खिलाफ लड़ लेंगी तो बहुत कुछ साफ हो जाएगा और यह भी सबको पता चल जाएगा कि रायबरेली अब कांग्रेस का गढ़ नहीं है।

गौरतलब है कि रायबरेली से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सांसद हैं और पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को यूपी में इसी एकमात्र सीट पर सफलता मिली थी। एक और गढ़ मानी जाने वाली अमेठी सीट से राहुल गांधी बीजेपी की स्मृति ईरानी से हार गए थे।

साल 2017 के विधानसभा चुनाव में अदिति सिंह ने कांग्रेस पार्टी के टिकट पर रायबरेली से 90 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से विधानसभा चुनाव जीता था। अदिति के पिता अखिलेश कुमार सिंह अलग-अलग पार्टियों और निर्दलीय के रूप में रायबरेली सदर से पांच बार विधायक चुने गए थे। 2019 में अखिलेश सिंह के देहांत के बाद अदिति इस बार बिना पिता के साए के अपनी नई पार्टी भाजपा से इस सीट से मैदान में हैं।