डेढ़ पन्ने का सुसाइड नोट लिख इस टीवी एक्टर ने की आत्महत्या, संपत्ति को किया इनके नाम

मशहूर अभिनेता कुशल पंजाबी ने आत्महत्या कर ली है। वह महज 37 साल के थे। कुशल का शव उनके घर में लटका मिला। बांद्रा पुलिस को उनके घर से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि उनकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है और सारी संपत्ति माता-पिता, बहन और बेटे को दी जाए। कुशल ना केवल टेलीविजन बल्कि बॉलीवुड में भी काफी मशहूर थे। कुशल ने मरने से पहले डेढ़ पन्ने का सुसाइड नोट लिखा था। इसमें उन्होंने लिखा, ‘मेरी खुदकुशी के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। मेरी संपत्ति का 50 फीसदी हिस्सा मेरे माता-पिता और बहन में बराबर बांट दिया जाए, बचे हुए हिस्से को तीन साल के बेटे को दिया जाए।’

डीसीपी परमजीत सिंह ने कहा, ‘हमें सुसाइड नोट मिला जिसमें उन्होंने लिखा है कि इसके लिए किसी को भी जिम्मेदार ना ठहराया जाए। हम जांच कर रहे हैं। हमने सुसाइड का केस दर्ज कर लिया है।’ मामले की जांच करने वाले अधिकारियों का कहना है कि कुशल ने गुरुवार को किसी का फोन नहीं उठाया। उनके माता-पिता गुरुवार दोपहर 2 बजे से उन्हें फोन कर रहे थे लेकिन वो कोई जवाब नहीं दे रहे थे। तभी उन्होंने उनके घर आने का सोचा। कुशल के माता-पिता रात को 10.30 बजे उनके घर पहुंचे। तो उन्हें दरवाजा बंद मिला। उन्होंने 10.50 पर दरवाजा खोला और फ्लैट में आए। फिर उन्होंने अपने बेटे को अचेत अवस्था में पाया। वो पंखे से लटके हुए थे। पड़ोसियों ने रात 11.10 बजे पुलिस को घटना की सूचना दी और कुशल को अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बाद में उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया पुलिस के अनुसार कुशल ने जब ये कदम उठाया तब वो अपने घर पर अकेले थे। उनकी पत्नी विदेश में थीं। वहीं उनके दोस्त चेतन हंसराज ने बताया कि कुशल की शादीशुदा जिंदगी ठीक नहीं चल रही थी। जिसके कारण वह डिप्रेशन में थे। टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में चेतन ने कहा, ‘हां उसने खुदकुशी की है। वह अपनी पत्नी से अलग होकर दुख में था और बीते कुछ समय से बीमार भी। मैंने कुछ दिन पहले ही उससे बात की। तब उसने मुझे बताया कि वह काफी परेशान है। मैंने उसे समझाने की बहुत कोशिश की थी कि उसे इन सबसे परेशान नहीं होना चाहिए और आगे बढ़ना चाहिए। मैंने कभी नहीं सोचा था कि वो ऐसा कदम उठा लेगा।’

करणवीर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए कुशल के निधन के बारे में बताया है। उन्होंने लिखा है, ‘तुम्हारे इस तरह जाने से मुझे गहरा धक्का लगा है। मैं ये मानने के लिए तैयार ही नहीं हूं कि तुम अब इस दुनिया में नहीं रहे। मैं तु्म्हें बहुत याद करने वाला हूं। तुमने अपने जीवन में कई लोगों को प्रेरणा दी है। मुझे भी दी है। मैं जानता हूं कि तुम अब यहां से बेहतर दुनिया में हो।’ कुशल ने साल 2015 में अपनी यूरोपियन गर्लफ्रेंड ऑड्री डॉलेन से शादी की थी। अप्रैल 2016 में उनके बेटे का जन्म हुआ। दोनों की शादीशुदा जिंदगी ठीक नहीं चल रही थी। माना जा रहा है कि कुशल इसके चलते डिप्रेशन में थे और इसलिए उन्होंने ये कदम उठाया। इस शादी से कुशल को 3 साल का एक बेटा है। बेटे का नाम कियान है। कुशल अपनी पत्नी से दूर होने के कारण काफी दुखी थे।