‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं प्रियंका गांधी, कुछ इस तरह से बढ़ाया भाई राहुल का हौसला

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में है। राहुल के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी भी यात्रा में पैदल चल रही हैं। आज प्रियंका गांधी इस यात्रा में शामिल हुई हैं। उनके साथ रॉबर्ट वाड्रा और उनके बेटे रेहान वाड्रा भी हैं। भारत जोड़ो यात्रा छह दक्षिणी और पश्चिमी राज्यों से होते हुए बीजेपी शासित मध्य प्रदेश में प्रवेश कर गई है।

इससे पहले सोनिया गांधी 1 दिन के लिए यात्रा में शामिल हुई थीं। प्रियंका जो उत्तर प्रदेश कांग्रेस की महासचिव हैं, बुधवार को इंदौर पहुंचीं और गुरुवार तड़के राहुल के साथ शामिल हुईं। सफेद सलवार कमीज और भूरे रंग का पफर कोट पहने, यह पहली बार है जब उन्हें यात्रा का हिस्सा बनते हुए देखा गया है। कांग्रेस ने दोनों की तस्वीर पोस्ट करते हुए ट्विटर पर कहा, ‘कदम मजबूत होंगे, जब हम साथ चलेंगे।’

महाराष्ट्र चरण पूरा करने के बाद बुधवार को मध्य प्रदेश में प्रवेश करने वाली यात्रा राजस्थान जाने से पहले मध्य प्रदेश में 380 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। हाथ में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में लोग महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश में प्रवेश करते ही बोडरली गांव पहुंचे।