सीएम पुष्कर सिंह धामी का पांच माह का कार्यकाल पूरा, सरकारी विभागों में शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया

उत्तराखंड के युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दो दिन बाद पांच माह का कार्यकाल पूरा करने जा रहे हैं। इस अवधि में उन्होंने कई लोक-लुभावन फैसले लिए। कोरोना के कारण आर्थिक दिक्कतों से घिरे लोगों के लिए प्रोत्साहन पैकेज दिया।

सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की। उपनल से भर्ती कर्मचारियों, आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ताओं, त्रिस्तस्तरीय पंचायतों के प्रतिनिधियों का मानदेय बढ़ाया। कर्मचारियों के लिए उपचार प्रक्रिया में सुधार किए।

देवस्थानम ऐक्ट खत्म करने का ऐलान जैसे बड़े फैसले लिए। दूसरी तरफ महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, शिक्षा और चिकित्सा जैसी चुनौतियां खड़ी हैं। नए साल की शुरुआत में सरकार को विधानसभा चुनाव का सामना करना है। पांच माह के कामकाज और भविष्य की चुनौतियों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हिन्दुस्तान के स्थानीय संपादक गिरीश गुरुरानी और विशेष संवाददाता नवीन थलेड़ी से विस्तृत बातचीत की।

कई बड़े फैसले लिए गए। सबसे बड़ी बात पांच साल के भीतर जितनी भी घोषणाएं हुईं, उन सभी के शासनादेश निकले और योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास भी हो चुके हैं। सरकार ने पारदर्शी शासन दिया। मैं इसे सबसे बड़ी उपलब्धि मानता हूं। बातें कम और काम ज्यादा का नारा दिया, इसे धरातल पर भी उतारा गया। मैंने, जब से कार्यभार ग्रहण किया तीन चीजें सरलीकरण, समाधान व निस्तारण शुरू की हैं। नौकरशाही को काफी हद तक दुरुस्त किया।

रोजगार व स्वरोजगार के लिए ठोस कदम उठाए। मंै सबसे बड़ी उपलब्धि यह मानता हूं कि इस दौरान हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ किया। लोकत्रांतिक प्रक्रिया के तहत लोग जो भी मांग करते रहे, सरकार कम संसाधन होते हुए भी एक सहयोगी के रूप में उनके साथ खड़ी रही। चारधाम के पर्यटन कारोबारी, स्वास्थ्यकर्मी, परिवहन कारोबारी और महिला समूहों को पैकेज देने में सरकार ने पूरी उदारता बरती।