22 दिनों बाद सामान्य हुआ दिल्ली का अधिकतम तापमान , दिनभर खिली धूप

राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान 22 दिनों बाद शनिवार को सामान्य हुआ है। दिनभर खिली धूप के चलते सफदरजंग मौसम केंद्र का अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस समय का सामान्य तापमान है। हालांकि खुले आसमान के चलते न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।

दिल्ली के लोगों ने इस बार जनवरी महीने में सामान्य से ज्यादा सर्दियों का सामना किया।आसमान पर छाए निचले सतह के बादलों और कोहरे के चलते सूरज की रोशनी सतह तक नहीं पहुंच रही थी। इसके चलते सात जनवरी के बाद से अधिकतम तापमान लगातार सामान्य से  कम बना हुआ था।

सात जनवरी को अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस था, जो कि सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था। इसके बाद से लगातार अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। यहां तक कि 25 जनवरी को अधिकतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो कि इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा था। लेकिन 25 जनवरी के बाद से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

दिनभर खिली धूप के चलते 25 जनवरी के बाद से अब तक अधिकतम तापमान में लगभग 10 डिग्री की बढ़ोतरी हो चुकी है। राजधानी के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार सुबह हल्की धुंध देखने को मिली। लेकिन दिन निकलने के साथ ही धुंध साफ हो गई और तेज चमकीला सूरज निकल आया। दिनभर अच्छी धूप निकली रही, जिसके चलते दिन के अधिकतम तापमान में तेजी से इजाफा हुआ। वहीं आसमान साफ होने के चलते न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।