सीएम योगी की रैली का वीडियो आया सामने

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर के बिसहड़ा गांव में आयोजित सीएम योगी आदित्यनाथ की रैली में अखलाक लिंचिंग केस का मुख्य आरोपी विशाल सिंह अगली कतार में नजर आया। इस रैली में अखलाक मर्डर केस का आरोपी पुनीत भी नजर आया। यह रैली रविवार को आयोजित की गई थी।

सीएम योगी की रैली का वीडियो भी सामने आया है। जहां अखलाक की हत्या का मुख्य आरोपी विशाल सिंह सहित चार लोग रैली में सबसे आगे खड़े थे और सीएम योगी की भाषण सुनकर नारेबाजी और ताली बजा रहे थे। विशाल सिंह और पुनीत इस समय जमानत पर हैं। विशाल पर आईपीसी की धारा 302 (हत्या) और 307 (हत्या की कोशिश) का मुकदमा दर्ज है। मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चल रहा है और आरोपियों पर आरोप तय किया जाना अभी बाकी है। मामले में अगली सुनवाई 10 अप्रैल को होगी। वहीं अखलाक हत्या मामले में पुनीत का नाम एफआईआर में नहीं था लेकिन घटना के तीन महीने बाद अखलाक की बेटी शाइस्ता के बयान के आधार पर पुनीत को गिरफ्तार किया गया था।

बता दें 55 साल के मोहम्मद अखलाक को भीड़ ने घर से निकालकर हत्या कर दी थी। भीड़ को अखलाक के ऊपर गौहत्या का शक था जिसके बाद उसकी पीटाई कर दी थी। इस घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया था जिसके चलते अखलाक के परिवार को गांव छोड़कर जाना पड़ा था।