सरकारी गनमैन लेकर घूमता था ये डीएसपी, महिला इंसपेक्टर से की शादी, अब हुआ भंडाफोड़

पंजाब के जालंधर से एक फर्जी डीएसपी दबोचा गया है। फर्जी डीएसपी बनकर घूम रहा व्यक्ति का नाम मोहित अरोड़ा बताया जा रहा है। हैरान कर देने वाली बात यह है कि यह फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर करीब दो वर्ष से जालंधर देहात पुलिस स्टेशन के इर्द गिर्द घूमता रहा।

यहां तक की फर्जी डीएसपी ने एक महिला पुलिस सब इंसपेक्टर से शादी भी कर ली। पुलिस ने आरोपी मोहित को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।

सरकारी गनमैन लेकर घूमता था

मीडिया सूत्रों के मुताबिक आरोपी मोहित सरकारी गनमैन लेकर घूमता था और लोगों से वसूली करता था। फर्जी डीएसपी बनकर नाका करने वाला यह व्यक्ति अपना नाम विक्रमादित्य सिंह बताता फिरता था जोकि इसका नाम मोहित अरोड़ा है और ये अमृतसर का निवासी है। पुलिस आरोपी मोहित से पूछताछ कर रही है। अभी तक उसने अपने बारे में पूरी जानकारी नहीं दी है। पुलिस ने आरोपी से एक नकली आईडी कार्ड बरामद की है।

पत्नी को था शक

पुलिस के मुताबिक आरोपी मोहित अरोड़ा जालंधर के मकसूदां थाने के पास में ही रहता था। उसने खुद को डीएसपी बताकर एक महिला सब इंस्पेक्टर से शादी कर ली। महिला सब इंसपेक्टर को शादी के तीन महिने बाद शक होने लगा। महिला ने जब उससे पूछने की कोशिश की तब उसने बताया कि अभी वो ड्यूटी से सस्पेंड है।

इसके बाद महिला ने जब पता लगाया तब हैरान कर देने वाली सच्चाई से सामना करना पड़ा कि वह एक फर्जी डीएसपी है। मोहित के इस कालसाजी में एक डीएसपी और एक इंसपेक्टर की भूमिका पर भी पुलिस को शक है। आरोपी मोहित का मामला जिला न्यायालय में दर्ज हो चुका है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।