सत्ताधारी दल भाजपा के बड़े नेता 25 मार्च को करेंगे अपना पर्चा दाखिल

लोकसभा चुनाव 2019 के पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को होगा। 25 मार्च यानी आज नामांकन का आखिरी दिन है। जिसके लिए सत्ताधारी दल भाजपा के बड़े नेता अपना पर्चा दाखिल करेंगे। 26 मार्च को प्रत्याशियों के पर्चों की जांच होगी और 28 मार्च तक वह अपना पर्चा वापस ले सकेंगे। आइए जानते हैं नामांकन के आखिरी दिन कौन-कौन से नेता अपना पर्चा दाखिल करेंगे।

जनरल वीके सिंह
जनरल वीके सिंह गाजियाबाद लोकसभा सीट से भाजपा के सांसद हैं। वीके सिंह 16वीं लोकसभा का चुनाव जीतकर सांसद बने थे। वह पूर्व सेना प्रमुख भी रह चुके हैं। रिटायरमेंट के बाद वह राजनीति में उतरे। कहा जाए तो वह इसमें सफल भी रहे।

17वीं लोकसभा के लिए भाजपा ने फिर से उन पर दांव लगाया है। आज वह अपना पर्चा दाखिल करेंगे। गाजियाबाद सीट से समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल के गठबंधन की तरफ़ से सुरेश बंसल मैदान में हैं। वहीं कांग्रेस पार्टी ने डॉली शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है।

नितिन गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर लोकसभा सीट से आज अपना नामांकन करेंगे। नामांकन के लिए निकलने से पहले उन्होंने घर पर पूर्जा की। नामांकन से पहले नितिन गडकरी ने नागपुर में शक्ति प्रदर्शन किया। जिसमें उनके साथ महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवीस मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री ने यहां प्रियंका गांधी वाड्रा पर जमकर निशाना साधा।

गडकरी ने कहा कि कांग्रेस कह रही है कि विकास नहीं हुआ है। लेकिन अगर मैने इलाहाबाग-वाराणसी जल मार्ग नहीं बनवाया होता तो प्रियंका गांधी वाड्रा नाव से यात्रा करके वाराणसी कैसे पहुंच सकती थी? गंगा का उन्होंने पानी पिया, क्या वह यूपीए की सरकार में ऐसा कर पातीं? मार्च 2020 तक गंगा नदी पूरी तरह से साफ हो जाएगी।

हेमा मालिनी

मशहूर फिल्म अभिनेत्री और मथुरा से भाजपा सांसद हेमा मालिनी भी आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। हेमा मालिनी के साथ उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद होंगे। मथुरा पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने हेमा मालिनी के साथ बांके बिहारी मंदिर में पूजा की।

पहले चरण के तहत आंध्र प्रदेश की सभी 25, उत्तर प्रदेश की 8, महाराष्ट्र की 7, असम और उत्तराखंड की 5-5, बिहार और ओडिशा की 4-4, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर की 2-2 तथा छत्तीसगढ़, मिजोरम, सिक्कम, त्रिपुरा, मणिपुर, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और लद्दाख की एक-एक लोकसभा सीटों के लिए मतदान होंगे।

लोकसभा चुनाव 2019 का चुनाव सात चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को 20 राज्यों की 91 सीटों पर होना है।