राधाकृष्ण विखे पाटिल ने राहुल गांधी को सौंपा इस्तीफा

 आगामी लोकसभा चुनाव से ठीक पहले महाराष्ट्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र कांग्रेस के दिग्गज नेता और नेता प्रतिपक्ष राधाकृष्ण विखे पाटिल ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, राधाकृष्ण विखे पाटिल ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उन्होंने “नैतिक आधार” पर कांग्रेस अध्यक्ष अपना इस्तीफा सौंपा है। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अब आखिरी फैसला लेंगे। बता दें कि राधाकृष्ण विखे पाटिल के इस्तीफे से ठीक पहले उनके बेटे सुजय विखे पाटिल भी कांग्रेस का दामन छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे।

महाराष्ट्र में नेता प्रतिपक्ष ने छोड़ी पार्टी

आगामी लोकसभा चुनाव और महाराष्ट्र में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस के दिग्गज नेता और नेता प्रतिपक्ष राधाकृष्ण विखे पाटिल का पार्टी छोड़ना महाराष्ट्र कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। राधाकृष्ण विखे पाटिल को लेकर चर्चाएं तभी से शुरू हो गई थी जब उनके बेटे सुजय विखे पाटिल ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था। इसके बाद से ही इस बात के कयास लग रहे थे कि राधाकृष्ण विखे पाटिल भी कुछ अहम फैसला कर सकते हैं।

बता दें कि राधाकृष्‍ण विखे पाटिल के बेटे सुजय विखे पाटिल ने 12 मार्च को कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का दामन थाम लिया था। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा था कि मैं प्रधानमंत्री के नेतृत्व से प्रभावित हूं, भाजपा पर मुझे पूरा भरोसा है। इस दौरान सुजय विखे पाटिल ने कहा था कि मैंने यह फैसला अपने पिता के विरुद्ध जाकर लिया है। मुझे नहीं पता मेरे पिता मुझे इस फैसले में कितना सहयोग देंगे लेकिन मैं अपने काम से उनका नाम रोशन करने की कोशिश करूंगा।