यूपी में महिला का चीरहरण कर, मानवता को किया शर्मसार

यूपी के भदोही में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यह मामला भदोही जिले के गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र की है। जहां दबंगों ने एक महिला को अर्धनग्न कर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा है। दबंगों ने महिला के पति को भी घर में घुस कर बेरहमी से पीटा। डरी सहमी हुई महिला ने खुद को बचाने के लिए कमरे में छुप गई और खुद को बंद कर लिया।छेड़खानी का विरोध करने पर की पिटाई

इस घटना के बाद जब मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को बाहर निकलने के लिए कहा तो महिला ने बड़ी मुश्किल से दरवाजा खोला। डर से कांप रही महिला उस समय कुछ बोल भी नहीं पा रही थी। जानकारी के मुताबिक 29 दिसंबर को महिला अपने पति के साथ बुनकर का फॉर्म भरवाने के लिए गई थी। वहां गांव के मनबढ़ लाल चंद ने महिला के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। जब महिला और उसके पति ने विरोध किया तो लालचंद ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। गांव वालों ने दोनों में समझौता कराकर मामले को रफा-दफा कर दिया।

छेड़खानी के बाद फिर दौड़ाकर पीटा

लेकिन बीते रविवार को लालचंद कई लोगों के साथ आया और महिला के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गया। फिर महिला के साथ छेड़खानी करने लगा, पति ने विरोध किया तो दबंगों ने उसे भी बेरहमी से पीटा। फिर महिला को भी अर्धनग्न कर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।

मूकदर्शक बनी रही भीड़

महिला की पिटाई के बाद गांव में घंटों तमाशा चलता रहा लेकिन कोई भी उसे बचाने के लिए नहीं आया। महिला के पति ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि पुलिस इस मामले को हल्का करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने तहरीर अपने तरीके से लिखी है। जब उसने छेड़खानी और अर्धनग्न करने की बात बताई तो पुलिसकर्मियों ने उसे लिखने से मना कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने मामूली धाराओं में मारपीट का मामला दर्ज किया है।