मॉस्को में महिला के साथ ऐसे जबरदस्ती करती पुलिस, मामला है इस मांग का

दंगारोधी पुलिस की पोशाक में सुरक्षा कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों पर लाठी बरसाए और उन्हें हिरासत में लेने से पहले उनके साथ सख्ती की। इस दौरान कम से कम एक महिला और एक पुरुष को सिर में चोट लगी। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

रूस में विपक्षी कार्यकर्ताओं खास कर युवकों के साथ सख्ती बरते जाने को लेकर राजनीतिक विश्लेषकों ने चिंता जताई है। उधर जेल में बंद विपक्षी नेता एलेक्सी नवल्नी ने प्रदर्शनकारियों से आह्वान किया है कि आठ सितम्बर को होने वाले मतदान भाग लेने की मंजूरी के लिए अधिकारियों पर दबाव बनाएं।

मॉस्को में निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर एक बार फिर प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए हैं। इस दौरान पुलिस ने करीब 1 हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया है। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी गंभीर रुप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस बीच अधिकारियों ने कहा कि विपक्ष को मतदान में भाग लेने पर रोक लगा दी गई है, क्योंकि वे अपने समर्थन में लोगों के पर्याप्त सही हस्ताक्षर नहीं जुटा पाए हैं। विदित हो कि रूसी संसद में विपक्ष के एक भी सदस्य नहीं हैं और ना ही समाचार चैनलों पर उनकी खबरें प्रसारित की जाती हैं।

प्रदर्शनकारी बैलट पेपर से मुख्य विपक्षी नेताओं के नाम हटाने के फैसले को वापस लेने की मांग कर रहे थे। मॉस्को पुलिस ने बताया कि राजधानी में अनधिकृत प्रदर्शन के लिए 1074 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को अनधिकृत रैली के लिए लगभग 3,500 लोग सड़कों पर उतर आए थे। बता दें कि रूस में विपक्षी नेता नेवेलनी और क्रेमलिन विरोधी अन्य नेताओं ने 27 जुलाई को मेयर के कार्यालय के निकट एक विशाल रैली निकालने की चेतावनी दी थी।

इससे पहले रूस में मुख्य विपक्षी नेता एलेक्सी नेवेलनी को बुधवार को गिरफ्तार कर 30 दिन के लिए जेल भेज दिया गया है। हाल के दिनों में नेवेलनी और उनके समर्थकों ने संसदीय चुनाव को लेकर मॉस्को में कई विरोध प्रदर्शन किए और रैलियां निकाली हैं। पिछले शनिवार को एक ऐसी ही रैली में 22 हजार से अधिक लोगों ने मॉस्को में विरोध प्रदर्शन किया था।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि निर्दलीय उम्मीदवारों को भी 8 सिंतबर को होने वाले संसदीय चुनाव लड़ने की अनुमति दी जाए। मॉस्को मुख्यालय में नेवेलनी के संयोजक ओलेग स्टेपानोव ने कहा है कि उन्हें भी हिरासत में लिया गया है। विपक्षी नेताओं के खिलाफ यह कार्रवाई इसलिए की जा रही है क्योंकि वह सितंबर में होने वाले संसदीय चुनाव मतपत्रों से कराने की मांग कर हैं, जिसे राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन नकार चुके हैं। शनिवार को प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सेंट्रल मॉस्को में जगह-जगह पुलिस सुरक्षा मुस्तैद कर दी गई थी और पुलिस ने सिटी हॉल के बाहर के इलाके को बंद कर दिया था, जहां प्रदर्शनकारी इकट्ठा होने की योजना कर रहे थे। इससे प्रदर्शनकारियों को सड़कों पर उतरना पड़ा।