मुंबई वालों के लिए खुशखबरी, खत्म हुई बेस्ट बस हड़ताल

मुंबई वालों के लिए बुधवार यानि 16 जनवरी का दिन बड़ी सौगात लेकर आया यहां मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली बस सेवा BEST की हड़ताल खत्म हो गई है। इस हड़ताल के जारी रहने से पूरी मुंबई की लाइफलाइन बुरी तरह से  डिस्टर्ब थी। गौरतलब है कि मुंबई में बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं यातायात (बेस्ट) के 33,000 से अधिक कर्मी अपनी कई मांगों को लेकर 8 जनवरी की मध्यरात्रि से हड़ताल पर चले गए थे जिससे शहर में बस सेवा ठप पड़ गई और रोजाना यात्रा करने वाले कम से कम 25 लाख लोग प्रभावित हुए।

बेस्ट प्रशासन और एक औद्योगिक अदालत ने हड़ताल को अवैध घोषित किया था। इसके बावजूद कर्मचारी संघ के नेताओं के आह्वान पर कर्मियों ने 27 डिपो में से एक भी बस नहीं निकाली।

बेस्ट के पास लाल रंग की 3,200 से अधिक बसें हैं जो शहर के अलावा निकटवर्ती ठाणे जिले और नवी मुंबई में सेवाएं देती हैं। यह लोकल ट्रेन के बाद मुंबई में यातायात का सबसे बड़ा साधन है।

इन बसों से लगभग 80 लाख यात्री रोजाना यात्रा करते हैं। कर्मी उच्च वेतन, घाटे में चल रही बेस्ट का बजट बृहन्मुंबई महानगर पालिका में जोड़े जाने और नए भत्ते समझौते पर विचार-विमर्श सहित अनेक मांगें कर रहे थे।

कर्मचारियों की उनकी मांगों में वेतन वृद्धि, कनिष्ठ स्तर के कर्मचारियों के लिए वेतन मान में सुधार और नुकसान में चल रही बेस्ट के बजट का बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के बजट के साथ विलय शामिल हैं।संघ बेस्ट के बजट का बीएमसी में विलय करने की अपनी मांग को लेकर अड़ा हुआ है।