महिला के पेट से बरामद हुआ 4 करोड़ का कोकेन

दिल्ली एयरपोर्ट पर साओ पालो से लौट रही महिला को ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया है। महिला ने 900 ग्राम की कोलंबियाई कोकेन 74 कैप्सूल को निगल लिया था और इस तरह वो कोकेन भारत में ला रही थी। महिला से बरामद कोकेन मार्केट में सबसे महंगा है और इसकी कीमत 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के अधिकारियों ने सेम कार्टेल के लिए काम करने वाले नाइजीरिया के दो लोगों को भी गिरफ्तार किया है।

महिला ने बताया कि उसे ये कोकेन क्रिसमस और न्यू ईयर पर दिल्ली-एनसीआर में अलग-अलग क्लाइंट्स को डिलीवर करना था। नारकोटिक्स कंट्रेल ब्यूरो के जोनल डायरेक्टर मधो सिंह ने बताया कि उनकी टीम को इस महिला के बारे में सूचना मिली थी कि जमैका की एक महिला इथिओपियन एयरलाइंस फ्लाइट से 6 दिसंबर को दिल्ली आएगी। एनसीबी ने टर्मिनल की जांच शुरू की और महिला को पकड़ा।

जब महिला को पकड़ा गया तो उसके सामान से कोई ड्रग्स नहीं मिले, जिसके बाद उसे सफदरजंग अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। एक्स-रे में सामने आया कि महिला के पेट में बाहरी सामान है। इसके बाद महिला को दवाइयां दी गई, जिसके बाद से कोकेन की 74 कैप्सूल उसके पेट से निकलीं। गिरफ्तारी के बाद महिला ने पुलिस को नाइजीरिया के दो लोगों के बारे में बताया, जिन्हें वो ड्रग्स डिलीवर करने वाली थी।

महिला की सूचना के बाद उन दो लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो अब देश के अलग-अलग स्थानों पर ड्रग्स बेचने वालों की तलाश कर रहा है।