ब्रिटेन के शाही परिवार में एक बार फिर नन्हे शहजादे की गूंज उठी किलकारियांं

ब्रिटेन के शाही परिवार में एक बार फिर नन्हे शहजादे की किलकारियांं गूंज उठी हैं। बकिंघम पैलेस के मुताबिक, प्रिंस हैरी की पत्नी मेगन मर्केल ने सोमवार को एक पूर्ण रूप से स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है। बच्चे ने सोमवार सुबह 5:26 बजे जन्म लिया। बच्चे की तस्वीरें बुधवार को जारी की जाएंगी।

प्रिंस हैरी और मेगन की यह पहली संतान है। उनका पहला बेटा ब्रिटेन की 93 वर्षीय महारानी एलिजाबेथ का आठवां पड़पोता है। बच्चे को नियमों के मुताबिक ब्रिटेन और अमेरिका की दोहरी नागरिकता दी जा सकती है।

परिवार में आया नया सदस्य तुरंत प्रिंस घोषित नहीं होगा। बच्चे को प्रिंस घोषित करने के लिए महारानी एलिजाबेथ बाकायदा एक पेटेंट लेटर जारी करेंगी। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि प्रिंस हैरी और मेगन के बेटे को प्रिंस विलियम के तीन बच्चों की तरह शाही उपाधि दी जाएगी या नहीं। प्रिंस विलियम प्रिंस हैरी के बड़े भाई हैं। उनकी शादी कैथरीन से हुई है।

शाही जोड़े ने पहले कहा था कि वे बच्चे के आने की खबरों को गोपनीय रखना चाहते हैं। बच्चे के जन्म के बाद लंदन में महारानी के महल बकिंघम पैलेस के बाहर रस्मी नोटिस लगाकर लोगों को जानकारी दी जाएगी। शाही परिवार में यह परंपरा 1837 से चली आ रही है।

महारानी एलिजाबेथ के पोते प्रिंस हैरी (34) और अमेरिका में जन्मींं पूर्व अभिनेत्री मेगन ने शाही विंडसर पैलेस में आयोजित भव्य समारोह में मई, 2018 को शादी की थी। दोनों एक-दूसरे को एक साल से डेट कर रहे थे। शाही शादी में दुनिया भर की 500 से ज्यादा हस्तियों ने शिरकत की थीं।

इनमें बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा, ओपरा विनफ्रे, जार्ज और अमाल क्लूनी, डेविड बेकहम, एल्टन जॉन, टॉम हार्डी, जेम्स कॉर्डन जैसे दिग्गज सितारे शामिल थे।