बुर्का पहनकर महिलाओं के टॉयलेट में घुसा 35 वर्षीय व्यक्ति, दर्ज हुआ मामला

गोवा पुलिस ने पणजी में बुर्का पहनकर महिलाओं के टॉयलेट में घुसने वाले 35 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी शनिवार को सेंट्रल बस स्टैंड पर स्थित महिलाओं के टॉयलेट में चला गया था। आरोपी की पहचान विरजिल फर्नांडिस के तौर पर हुई है। उसे वहां मौजूद लोगों द्वारा पकड़ा गया। उसका मुंह भी ढंका हुआ था। वह एक सरकारी कर्मचारी है।

गोवा पुलिस के प्रवक्ता का कहना है, आरोपी के खिलाफ धारा 419 (वेष बदलने) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वह पणजी बस स्टैंड पर स्थित महिला टॉयलेट में घुस गया था। बता दें ऐसी जगह जहां केवल महिलाएं ही प्रवेश कर सकती हैं, वहां आए दिन पुरुषों का बुर्का पहनकर घुस जाने के मामला बढ़ते जा रहे हैं। इससे पहले ऐसा ही एक मामला केरल इडुकी जिले के थोडुपुझा से भी सामने आया था।

यहां एक वरिष्ठ सिविल पुलिस अधिकारी महिला के भेस में लेबर रूम में चला गया था। उसने बुर्का पहना हुआ था जिस कारण उसे कोई पहचान नहीं पाया। लेकिन जब वहां मौजूद लोगों को कुछ संदिग्ध लगा तो उन्होंने चिल्लाना शुरू कर दिया, जिसके चलते गलती से पुलिस वाले के चेहरे से नकाब हट गया।

उतने ही लोगों ने पुलिस को फोन किया लेकिन जब तक पुलिस आती तब तक 42 वर्षीय नूर समीर वहां से भाग चुका था। पुलिस ने उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 419 और 354 सी के तहत मामला दर्ज किया था।