बारात के दौरान डांस विवाद में चली गोली, एक युवक की मौत

बारात के दौरान डांस अक्सर विवाद का सबब बन जाता है। ऐसा ही बुधवार रात को मैनपुरी में हुआ, जहां डांस को लेकर गोली चल गई। घटना में एक युवक की मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप दूल्हे के एक रिश्तेदार पर लगाया है।

शहर के टीपी गार्डन में बुधवार रात शादी समारोह था। बैंडबाजा के साथ बारात मैरिज होम की ओर बढ़ रही थी। तभी डांस को लेकर कुछ युवाओं के बीच विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि दूल्हे के एक रिश्तेदार ने अमोल सक्सेना उर्फ चिंकी को गोली मार दी।

गोली लगने से अमोल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से बारात में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। हालांकि गोली चलाने वाला युवक तबतक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजा है।

अमोल सक्सेना शहर के घंटाघर चौराहा के पास मोहनलाल की गली में रहता था। उसके परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। देर रात तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।