बजरंग दल का संयोजक योगेश राज गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हुई हिंसा मामले के मुख्य आरोपी योगेश राज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि योगेश की गिरफ्तारी देर रात हुई है। योगेश राज की गिरफ्तारी के बाद की एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें वह पुलिस के साथ खड़ा है। पुलिस ने योगेश राज को स्याना हिंसा का मुख्य आरोपी बनाया था। योगेश बजरंग दल का जिला संयोजक है जो हिंसा के बाद से ही फरार था। योगेश राज पर मौके पर मौजूद बजरंग दल के कार्यकताओं को भड़काने का आरोप है।

गोकशी की अफवाह के बाद 3 दिसंबर, 2018 को बुलंदशहर के स्याना में हिंसा हुई थी। आरोप है कि बजरंग दल का मुख्य समंयोजक योगेश राज अपने साथियों के साथ स्याना थाना इलाके में पहुंचा था। जहां बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा था। इस दौरान हंगामा करने वालों की पुलिस से झड़प हो गई थी। इलाके में कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया था। थाने पर पथराव के बाद थाना परिसर में मौजूद गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया गया था। इसी दौरान इंस्पेक्टर सुबोध कुमार को प्रदर्शनकारियों ने गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

हिंसा केआरोप में पुलिस ने बजरंगदल के जिला संयोजक योगेश राज को मुख्य आरोपी बनाते हुए 27 लोगों के खिलाफ नामजद और 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। योगेश राज समेत कई आरोपियों के सामने नहीं आने पर पुलिस ने सभी के खिलाफ गैरजमानी वारंट भी जारी किया था।