प्यार में धोखा खाने के बाद 17 साल की किशोरी ने उठाया ये कदम

प्यार में धोखा खाने के बाद 17 साल की किशोरी ने खुद पर मिट्टी तेल छिड़ककर आग लगा ली। किशोरी 70 फीसदी झुलस गई है। मेकाहारा के बर्न वार्ड में उसका इलाज चल रहा है। खरसिया थाना क्षेत्र के तेलीकोट निवासी ग्रामीण की 17 वर्षीय पुत्री ने गुरुवार की दोपहर 1 बजे आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। अस्पताल में किशोरी ने बताया कि जिससे उसने प्यार किया, उसने धोखा दे दिया इसलिए उसे यह कदम उठाना पड़ा।


लड़की की मां के अनुसार लड़का पड़ोस गांव में रहने वाला त्रिभुवन राठौर है। वह उसे अपने साथ भगाकर ले गया था। सात दिन तक साथ रखने के बाद घर से भगा दिया। इसके चलते उसकी बेटी ने आग लगाकर खुदकुशी करने का प्रयास किया। पीड़ित लड़की और प्रेमी की मुलाकात दो साल पहले तेलीकोट में हुई थी। लड़का गांव में लगने वाले मेले को देखने आया था। उसी दौरान लड़की से मुलाकात हुई। कुछ दिन तक दोनों चोरी-छिपे मिलते थे। जब परिजन को इसकी भनक लगी तो लड़की ने उन्हें बताया कि वह लड़के से प्रेम करती है। इकलौती लड़की होने के चलते मां-बाप ने लड़की को कुछ नहीं कहा। इससे उसकी हिम्मत बढ़ी और वह उसके साथ भाग गई।

लड़की के पिता ने बताया कि महका गांव के रहने वाले त्रिभुवन से वह बहुत प्यार करती थी। जब उससे मेल-जोल बंद करने के लिए कहा गया तो लड़की ने अपने हाथ की नस काट ली। ऐसे में इकलौती बेटी की जिद के आगे उनको झुकना पड़ा।