नशा पिलाकर किशोरियों से देह व्यापार करवाता था ये अधेड़ उम्र बुजुर्ग, लड़कियों ने सुनाई आपबीती तो…

लखनऊ. प्रदेश की राजधानी से बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक अधेड़ के द्वारा 2 किशोरियों से देहव्यापार करवाया जा रहा था। आरोपी अधेड़ के चंगुल से खुद को छुड़ाकर दोनों किशोरी ट्रेन से कहीं भागने की फिराक में थीं। संदेह होने पर RPF ने बादशाह नगर रेलवे स्टेशन पर दोनों किशोरियों से पूछताछ की तो पूरा मामला उजागर हुआ। इसके बाद RPF ने आरोपित विजय बद्री उर्फ बंगाली को दबोच लिया और गाजीपुर थाने लेकर गई।

 

सीओ गाजीपुर दीपक कुमार सिंह के मुताबिक RPF की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म और अगवा करने समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज कर छानबीन की जा रही है। पूछताछ में पता चला है कि मुख्य आरोपित किशोरियों को नशीली दवा देकर कई माह से उनके साथ दुष्कर्म कर रहा था। यही नहीं आरोपित दो किशोरों को भी अपने साथ रखा था जो ग्राहक लेकर आते थे।

 

किशोरियों से देह व्यापार कराने की बात उजागर होने के बाद चाइल्ड लाइन समेत अन्य संस्थानों ने उनसे पूछताछ की है। आरोपित पैर से दिव्यांग है, लेकिन वह अपने शरीर पर पट्टी बांधे रहता था और लोगों को गुमराह कर 1090 चौराहे पर भीख मांगता था। किशोरियों ने पूछताछ में बताया है कि आरोपित मुंशी पुलिया पुलिस चौकी के बगल में उनसे देह व्यापार करवा रहा था।

इस तरह हुआ खुलासा

बादशाहनगर स्टेशन पर RPF पोस्ट प्रभारी वंशबहादुर यादव, कांस्टेबल धर्मेंद्र चौरसिया, उमाकांत दुबे और अंजली सिंह गश्त कर रहे थे। सुबह करीब छह बजे प्लेटफार्म पर उनको 15 और 16 साल की दो किशोरी और 14 साल के दो किशोर दिखाई दिए। चारों से जब पूछताछ हुई तो वह घबरा गए और बताया कि एक अधेड़ से बचकर भाग रहे हैं।

इसके बाद सभी ने बच्‍चों को समझाया और आरोपित का इंतजार करने लगे। अधेड़ बादशाहनगर स्टेशन पर किशोरियों और बालकों को ढूंढते हुए पहुंचा, जिसे RPF ने दबोच लिया। आरोपित मूलरूप से बंगाल का रहने वाला है।

किशोरियों ने सुनाई आपबीती

किशोरियों ने RPF और पुलिस समेत सामाजिक संस्थाओं को आपबीती सुनाई तो सभी दंग रह गए। किशोरियों ने बताया कि आरोपित सबसे पहले लड़कियों के घरवालों से जान पहचान किया। एक दिन चाय में नशीली दवा मिला दी। बेहोश होने पर उसने दुष्कर्म किया। इसके बाद वह देह व्यापार करवाने लगा। मुंशी पुलिया में उसके घर पर लोग आते थे, जो भी रुपया मिलता उससे विजय बद्री कुछ कपड़े दिलवा देता था।

निकाल लेता था खून भी

किशोरियों को नशा कराने के बाद आरोपित विजय बद्री उनके शरीर पर ब्लेड मारकर खून निकालता था। इसके बाद खून अपने शरीर पर बंधी सफेद पट्टी पर लगाता था, जिससे लोगों को लगे कि उसके शरीर पर चोट लगी है। बताया गया कि कई लड़कियां अभी आरोपित के कब्जे में हैं।