नकली नोट की वजह से युवक को मिली दर्दनाक मौत

पुणे शहर के वाकड इलाके में बहन के साथ छेड़खानी और एक रुपए के नकली नोट की वजह से एक युवक की हत्या कर दी गई। दो लोगों द्वारा युवक का गला दबाकर और पत्थर से वार कर हत्या की गई है। हत्या करने बाद लाश को श्मशान भूमि के पास मुठा नदी के किनारे फेंक दी। इस चौंका देने वाली घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

कृष्णा गिराव सोनावणे (22) युवक की हत्या की गई है। पुलिस ने इर्शाद महंमद शेख (28) और सोमनाथ उर्फ सोमा पांडुरंग थोरात (27) दोनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मृतक कृष्णा कालेवाडी स्थित फैब्रिकेशन में काम करता था। कृष्णा ने सोमनाथ की बहन के साथ छेड़खानी की थी। साथ ही आरोपी इर्शाद को एक रुपए का नकली नोट दिया था। जिसकी वजह से दोनों ने शराब पीकर कृष्णा के साथ झगड़ा किया। झगड़े में उसका गला दबाकर और सिर पर पत्थर से वार कर हत्या कर दी। लाश को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने टेम्पो में कृष्णा की लाश को लादकर वारजे स्थित श्मशान भूमि के पास नदी के किनारे फेंक दिया था।

20 जनवरी की सुबह साढे़ नौ बजे के करीब कृष्णा की लाश वारजे पुलिस को मिली थी। जांच के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट में पेश करने के दौरान दोनों आरोपियों को 6 दिनों की पुलिस कस्टडी और उसके बाद 14 दिनों की न्यायिक कस्टडी सुनाई गई है। यह मामला वारजे पुलिस ने वाकड पुलिस को ट्रांसफर किया है। फिलहाल वाकड पुलिस इस मामले में अधिक जांच कर रही है।