देश में फिर बढे कोरोना के मामले , लेकिन 2.82 लाख मरीज हुए ठीक

कोरोना की दूसरी लहर में मौतों की संख्या बढ़ गई है। दुनिया में मौतों के मामलों में भारत तीसरे नंबर पर आ गया है। भारत में अब तक 315,263 मौतें हो चुकी हैं। पहले नंबर पर अमेरिका है।

यहां अब तक 606,179 मौतें हो चुकी हैं। दूसरे नंबर पर ब्राजील है। यहां अब तक 454,623 मौतें हो चुकी हैं। चौथे नंबर पर मैक्सिको है। यहां अब तक 222,232 मौतें हो चुकी हैं। जबकि 127,748 मौतों के साथ यूके पांचवें नंबर है। इसके बाद इटली में 125,622 मौतें और रूस में 119,600 सबसे अधिक मौतें हुईं।

महाराष्ट्र में पिछले दिनों की तुलना में रिकवरी कम हुई है। यहां 24 घंटे में 24 हजार से अधिक नए केस मिले, जबकि रिकवरी 23000 के आसपास हुई। यहां एक दिन में 992 लोगों की मौत हुई है।

लेकिन जिन राज्यों में पहले केस बढ़े या अब बढ़ रहे हैं, वहां रिकवरी बेहतर है। जैसे-कर्नाटक, केरल, उत्तर प्रदेश, आंध्रप्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश में 60% से अधिक रिकवरी हुई है।

कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहे हैं। नए केस बेशक लंबी छलांग नहीं मार रहे, लेकिन मौतों का आंकड़ा अभी भी 4000 के आसपास ही जा रहा है। पिछले 3 दिन में 16000 नए केस मिले।

24 मई को 1.95 लाख केस मिले थे, जबकि 25 मई को 2.08 लाख। अब पिछले 24 घंटे में 2.11 लाख नए केस मिले हैं। इस दौरान रिकवरी में भी मामूली उतार देखा गया। 25 मई को 2.95 लाख लोग ठीक हुए थे, जबकि पिछले 24 घंटे में 2.82 लाख लोग रिकवर हुए।

देश में अब तक 2.73 करोड़ से अधिक लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इस समय देश में 24 लाख से अधिक एक्टिव केस हैं, जबकि अब तक 2.46 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं। देश में अब तक 3.15 लाख मौतें हो चुकी हैं।