देश में कोरोना के नए मामलों में गिरावट जारी, एक दिन में 2,31,456 संक्रमित मरीज हुए ठीक

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल के अनुसार देश में 29 राज्य और केंद्रशासित प्रदेश ऐसे हैं जहां प्रतिदिन 5000 से कम मामले दर्ज़ किए जा रहे हैं।

28 अप्रैल से 4 मई के बीच देश में 531 ऐसे ज़िले थे जहां प्रतिदिन 100 से अधिक मामले दर्ज़ किए जा रहे थे। ऐसे ज़िले अब 295 रह गए हैं। 3 मई को देश में 17.13% थे अब वह सिर्फ 6.73% रह गए हैं।

सक्रिय मामलों में लगातार गिरावट दर्ज़ की गई है। आज एक दिन में देश में 1.3 लाख सक्रिय मामलों में कमी दर्ज़ की गई है। पिछले 24 घंटे में देश में पॉजिटिविटी रेट 6.62% दर्ज़ की गई है। उन्होंने बताया कि देश में 34 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं जहां पॉजिटिविटी रेट में लगातार कमी दर्ज़ की जा रही है।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार भारत में कल तक कोरोना वायरस के लिए कुल 35,00,57,330 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 20,19,773 सैंपल कल टेस्ट किए गए।

देश में पिछले 24 घंटों में 1 लाख 32 हजार 788 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं 3,207 लोगों के मौत के आंकड़ें दर्ज किए गए हैं। दूसरी ओर राहत भरी खबर सामने आ रही है। एक दिन में 2,31,456 संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं। जिसके बाद अब एक्टिव केस में मरीजों की संख्या 1.01 लाख की गिरावट आई है।