गोरखपुर में नामी इंटर कॉलेज में शिक्षक पर छात्रा से लगाया छेड़खानी करने का आरोप

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक नामी इंटर कॉलेज में शिक्षक पर छात्रा से छेड़खानी करने का आरोप लगा है। क्लास रूम में छड़खानी से हतप्रभ छात्रा ने इसका विरोध किया और क्लास छोड़कर घर चली गई। घर पहुंचने पर पूरे मामले की जानकारी परिजनों को दी। जिससे नाराज परिजनों के साथ आये ग्रामीणों ने स्कूल पर धावा बोल दिया। प्रबंधक की पिटाई कर स्कूल का घेराव किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी की और सीसीटीवी की जांच कराई तो छात्रा से छेड़खानी करने वाला शिक्षक कैमरे में कैद मिला। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करके आरोपी शिक्षक शाजी एमसी को संतकबीरनगर से गिरफ्तार कर लिया है।

छात्रा ने दिखाई हिम्मत

जानकारी के मुताबिक, मामला गोरखपुर के सहजनवां इलाके के एक इंटर कॉलेज का है। पीड़ित छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बुधवार को क्लासरूम में थी, तभी केरल के रहने वाले शिक्षक शाजी मैथ्यू ने छेड़खानी कर दी। भरी क्लास में छेड़खानी से हतप्रभ छात्रा ने इसका विरोध किया और क्लास छोड़कर घर चली गई। घर पहुंचने पर पूरे मामले की जानकारी परिजनों को दी। छात्रा के परिजनों ने बताया कि आरोपी शिक्षक छात्रा के साथ कई बार पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका है। लोकलाज की डर से छात्रा चुप रही। बुधवार को जब शिक्षक ने छेड़खानी की सारी हदें पार कर दीं तो छात्रा ने हिम्मत दिखाई।