केजरीवाल ने अपने हक में सियासी बल्ला भांजा?

हरियाणा की जींद विधानसभा का उपचुनाव में आम आदमी पार्टी समर्थित समर्थित जेजेपी उम्मीदवार दिग्विजय सिंह चौटाला की हार के बावजूद आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने हक में सियासी बल्ला भांजा।


उनका मानना है कि नतीजों से साबित हो गया है कि कांग्रेस अब भाजपा को नहीं हरा सकती। कोई नया राजनीतिक विकल्प ही भाजपा को हराने में कामयाब हो सकता है।

दरअसल, दिल्ली में लोकसभा चुनाव के अपने अभियान में उतरी आप बीते करीब दो महीने से दिल्लीवालों को यह यकीन दिलाने में जुटी है कि कांग्रेस को वोट देने का मतलब भाजपा को जिताना है। पार्टी की डोर-टू-डोर मुहिम का कांग्रेस विरोधी प्रचार अहम हिस्सा है।

अरविंद केजरीवाल दिल्ली की अपनी रैलियों में लगातार यही कह रहे हैं कि आप ही भाजपा को टक्कर दे सकती है। कांग्रेस को वोट देने से भाजपा जीत जाएगी। इसके लिए केजरीवाल बीते लोकसभा चुनाव के आंकड़े भी पेश कर रहे हैं।

केजरीवाल की कोशिश है कि दिल्ली में भाजपा विरोधी मतों को बंटवारा न होने पाए। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को केजरीवाल ने जींद के उपचुनाव में आए परिणाम की भी व्याख्या की है। बकौल केजरीवाल, जींद उपचुनाव के नतीजों से साबित हो गया है कि भाजपा को कांग्रेस नहीं हरा सकती है। नया राजनीतिक विकल्प ही भाजपा को उखाड़ कर फेंक सकता है। हालांकि, हरियाणा के आप संयोजक नवीन जयहिंद ने चुनावी नतीजे पर कहा कि एक पूर्व मुख्यमंत्री, मौजूदा सरकार व ईवीएम ने मिलकर भाजपा को जितवाया है।