किसान आंदोलन को लेकर अखिलेश यादव ने किया ये बड़ा एलान, कहा 26 जनवरी को करेंगे…

अखिलेश ने कहा, 26 जनवरी को सपा किसानों के साथ गणतंत्र दिवस मनाएगी। इस दिन राज्य भर की प्रत्येक तहसील पर किसान अपने-अपने ट्रैक्टरों पर तिरंगा लगाकर आएंगे।

 

वे समाजवादियों के साथ राष्ट्रीय ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होकर एकता का प्रदर्शन करेंगे। अखि‍लेश यादव ने इससे पहले ट्वीट कर कहा था, ‘भाजपा सरकार ने डेढ़-दो साल के लिए कृषि क़ानूनों को स्थगित करने का प्रस्ताव दिया है.

जो तर्कहीन है क्योंकि जो क़ानून आज सही नहीं है वो 2023 में कैसे सही हो जाएगा। भाजपा सरकार जनविरोध से डरकर इन्हें टाल रही है पर 2024 में चुनाव के आख़िरी साल में पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाकर जाएगी।’

अखि‍लेश ने कहा, किसानों की मुख्य मांग है कि तीनों कृषि कानूनों को वापस लिया जाए क्योंकि किसान हितों के विरोधी है। इसी के साथ वे न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की अनिवार्यता की मांग कर रहे हैं ताकि किसान को उसकी फसल का लाभकारी दाम मिल सके।

भाजपा को समझना चाहिए कि जिनके लिए यह कानून बना है, जब उन्हें ही ये स्वीकार्य नहीं है तो फिर इसका क्या फायदा। समाजवादी पार्टी आंदोलनकारी किसानों की मांगों का पूरी तरह समर्थन करती है। किसानों के समर्थन में किसान यात्रा और घेरा कार्यक्रम चलाए हैं।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसान आंदोलन के समर्थन में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को ट्रैक्टर रैली को लेकर निर्देश दिए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि किसान अपनी न्याय संगत मांगों को लेकर लगातार शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका अहिंसात्मक आंदोलन ऐतिहासिक बन गया है।

गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय पर्व है। अन्नदाता सम्मान का पात्र है। उसको अपमानित नहीं किया जाना चाहिए। किसानों की मांगों की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। उनकी मांगों को मानने से राष्ट्र का गौरव बढ़ेगा।