कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर करेंगे रांची में जनसभा

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को रांची में जनसभा करेंगे। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उनकी ये सभा काफी अहम मानी जा रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी का यह पहला झारखंड दौरा है। रैली में शामिल होने के लिए महागठबंधन के प्रमुख घटक दलों झामुमो, झाविमो व राजद को आमंत्रित किया गया है।

राहुल गांधी की मोरहाबादी मैदान में शनिवार को प्रस्तावित रैली में झारखंड विकास मोर्चा के मुखिया बाबूलाल मरांडी और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता स्टीफन मरांडी भी शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया सेल के प्रमुख राजेश ठाकुर ने शुक्रवार को यहां बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष गांधी की रैली के लिए राज्य में उनके गठबंधन सहयोगी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं को भी आमंत्रित किया गया था।

ठाकुर ने बताया कि रैली में राजद के भी वरिष्ठ नेता शामिल होगे लेकिन राजद की ओर से रैली में कौन आयेगा इसकी अभी सूचना नहीं मिली है। झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के रैली में न पहुंचने के बारे में पूछे गये सवाल पर ठाकुर ने कहा कि हेमंत झामुमो के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में शनिवार साहिबगंज में हैं, लिहाजा वह रैली में नहीं आ सकेंगे।

वर्ष 2014 के लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस नेता की झारखंड में यह पहली जनसभा होगी। यह पूछे जाने पर कि क्या राहुल गांधी यहां चारा घोटाले में सजा पाने के बाद न्यायिक हिरासत में मौजूद राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से भी मुलाकात करेंगे, कांग्रेसी नेता ने कहा, ”अभी इसकी कोई संभावना नहीं है।” झारखंड में जनवरी में भाजपा के खिलाफ गठबंधन बनाते हुए कांग्रेस, झामुमो, झाविमो एवं राजद ने घोषणा की थी कि उनके बीच महागठबंधन बनाकर चुनाव लडऩे पर सहमति बन गयी है।