कमल सन्देश पद यात्रा के दौरान पुलिस के सामने भाजपा के दो गुटों में चली गोलियां

उत्तर प्रदेश के इटावा में थाना बकेवर क्षेत्र के बहेड़ा गांव में कमल सन्देश पद यात्रा के दौरान पुलिस के सामने भाजपा के दो गुटों में जमकर चले लाठी डंडे और फायरिंग हुई। इस बवाल में भाजपा के मीडिया प्रभारी जितेन्द्र गौड़ घायल हो गए। एक गुट विधायक और जिलाध्यक्ष के साथ थाना में दूसरे गुट के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने पहुंच गया है।

दरअसल भाजपा के यह दोनों गुट जिलाध्यक्ष शिवमहेश दुबे के गांव महेवा के हैंं जहां पर ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आने के बाद दुबारा चुनाव करवाया गया था। इस चुनाव में भाजपा के ही दो कार्यकर्ता गोविन्द त्रिपाठी और अशोक चौबे ने एक दूसरे के खिलाफ परचा भरा लेकिन चुनाव के दौरान भाजपा विधायक सावित्री कठेरिया और जिलाध्यक्ष शिवहेश दुबे का समर्थन अशोक चौबे को मिला जिसके कारण अशोक चौबे चुनाव जीत गए और गोविन्द त्रिपाठी को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। चुनाव में हार और जीत के बाद गोविन्द और अशोक चौबे में गुटबाजी हो गयी और हारे हुए प्रत्याशी जिलाध्यक्ष शिवमहेश का विरोध करने लगे। आज कमल सन्देश पद यात्रा में जब भाजपा ब्लाक प्रमुख अशोक चौबे जिलाध्यक्ष और विधायक के साथ सरकार की उपलब्धियों को घर-घर जाकर बता रहे थे, तभी हारे हुए प्रत्याशी गोविन्द त्रिपाठी के समर्थक आ गए। कहासुनी होने पर दोनों गुटों के बीच फायरिंग और लाठियांं चलने लगी।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बवाल कर रहे दोनों गुटों को रोकने का प्रयास किया लेकिन कोई भी पुलिस की बात को सुनने को तैयार नहीं हुआ।इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वीडियो बनाने वाला शख्स फायरिंग और लाठियांं चलाने वालोंं को ब्लाक प्रमुख अशोक चौबे के गुुट का होने की बात कह रहा है। घटना के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ब्लाक प्रमुख और बीजेपी विधायक सावित्री कठेरिया समेत कई भाजपाई दूसरे गुट गोविन्द त्रिपाठी व उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने थाना बकेवर पहुंंच गए। पुलिस क्षेत्राधिकारी विकास जायसवाल ने शिकायत करने वाले गुट से तहरीर लेकर जांच के बाद कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

जिलाध्यक्ष शिवमहेश दुबे ने बताया कि आज महेवा ब्लाक के बहेड़ा गांव में कमल सन्देश पद यात्रा निकाली जा रही थी। यात्रा का कार्यक्रम खत्म होने के बाद यात्रा में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने आये कानपुर बुन्देलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र चौहान को रवाना करने के लिए हाइवे तक गए थे। कार्यक्रम स्थल पर ब्लाक प्रमुख अशोक चौबे और मीडिया प्रभारी जितेन्द्र गौड़ समेत कार्यकर्ता रह गए थे। तभी गोविन्द त्रिपाठी समेत कई अराजकतत्वो ने फायरिंग कर गाली गलौज करना शुरू कर दिया। जब विरोध किया गया तो उन लोगो ने फायरिंग करते हुए लाठियांं चलाना शुरू कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर हम लोग पहुंचे तब तक वह लोग भाग चुके थे।

इस पूरे मामले पर पुलिस क्षेत्राधिकारी भरथना विकास जायसवाल ने बताया कि जांंच के बाद कार्यवाही की जाएगी। रॉयल बुलेटिन की नई एप प्ले स्टोर पर आ गयी है